
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लाखों परिवारों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मसम्मान और अधिकारों का नया अध्याय जोड़ने की ऐतिहासिक पहल हुई है। योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि का वैध स्वामित्व अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ग्वालियर जिले के ग्रामीण अंचल में निवासरत सभी पात्र परिवारों की स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
एक लाख से ज्यादा लोग होंगे लाभान्वित
उल्लेखनीय है कि, ग्वालियर जिले में स्वामित्व योजना के तहत लगभग 69 हजार 988 आवासीय भूखण्डों के स्वामित्व की रजिस्ट्री संबंधित लोगों को उपलब्ध कराई जायेंगीं। इससे सीधे तौर पर जिले के लगभग 01 लाख 05 हजार 309 हितग्राही लाभान्वित होंगे।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के सर्विस सेंटर में विवाद के बाद भड़का ग्राहक, शोरूम में खड़ी एक्टिवा को लगाई आग
योजना के तहत जिले में अब तक 20 हजार 174 रजिस्ट्री तैयार हो चुकी हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी ग्वालियर जिले के 494 ग्रामों के एक लाख से अधिक हितग्राहियों को भू-स्वामी अधिकार अभिलेख वितरित किए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में दीवाली पर 2 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा, सादा वर्दी में तैनात रहेगी क्राइम ब्रांच