
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के थाटीपुर क्षेत्र से 15 वर्षीय किशोर सात दिन से लापता है। स्वजन का आरोप है कि किशोर ऑनलाइन गेम फ्री फायर के जरिए साइबर ठगों के संपर्क में आ गया था। मामले में गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजन मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर बेटे की जल्द तलाश करने की मांग की।
थाटीपुर थाना क्षेत्र की मेहरा कॉलोनी निवासी जनवेद सिंह दौहरे का 15 वर्षीय बेटा प्रिंस दौहरे 30 जून को बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में थाटीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
ठगों ने उसे अपने जाल में फंसाया हो सकता
परिजनों के अनुसार प्रिंस दिनभर मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलता था। वह मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था। जांच में गेमिंग आईडी की हिस्ट्री डिलीट मिली, जिससे आशंका है कि घर से निकलने से पहले उसका किसी से संपर्क हुआ था। स्वजन ने आशंका जताई है कि ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगों ने उसे अपने जाल में फंसाया हो सकता है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रिंस की गेमिंग आईडी काफी मूल्यवान थी और वह उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल तथा बिहार के खिलाड़ियों के संपर्क में था। गेम से जुड़े लोगों के साथ उसकी नियमित चैटिंग होती थी।
रेलवे स्टेशन तक अकेले जाता दिखाई दिया
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो प्रिंस रेलवे स्टेशन तक अकेले जाता दिखाई दिया। स्टेशन के फुटेज में वह प्लेटफॉर्म-2 से दिल्ली जाने वाली केरल एक्सप्रेस में सवार होता नजर आया। इसके बाद पुलिस ने आगे के रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ की मदद से तलाश शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल में कुछ संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी मिले हैं, जो गेमिंग एप से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि काफी डाटा पहले ही डिलीट किया जा चुका था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस का क्या कहना है
15 वर्षीय किशोर लापता है। वह फ्री फायर गेम खेलता था। सीसीटीवी फुटेज में वह खुद ट्रेन में बैठता दिखाई दिया है। मामले की जांच जारी है।
- विपेंद्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी, थाटीपुर
यह भी पढ़ें- मप्र की नगरीय निकायों में 756 एल्डरमैनों की नियुक्ति अधिसूचित, भोपाल-इंदौर की सूची अटकी