अमित शाह 29 अक्टूबर को ग्वालियर आएंगे: देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का करेंगे भूमिपूजन, कई प्रोजेक्ट्स की देंगे सौगात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों महाराज बाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल म्यूजियम और कटारे फार्म स्थित थीम पार्क का लोकार्पण कराने की संभावना है। इसके अला...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 10 Oct 2026 10:50:05 PM (IST)Updated Date: Sat, 10 Oct 2026 10:51:02 PM (IST)
HighLights
- इंडस्ट्रियल म्यूजियम और थीम पार्क का होगा लोकार्पण
- प्रशासन ने निर्माण एजेंसियों से मांगी स्टेटस रिपोर्ट
- 155 करोड़ की सड़कों का भूमिपूजन भी संभव
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) के भूमिपूजन कार्यक्रम के साथ ही 29 अक्टूबर को शहर के अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कराने की तैयारी की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों महाराज बाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल म्यूजियम और कटारे फार्म स्थित थीम पार्क का लोकार्पण कराने की संभावना है। इसके अलावा शहर में तैयार हो चुके अन्य प्रोजेक्टों और नए विकास कार्यों को भी इस कार्यक्रम में शामिल करने की तैयारी है।
जिला प्रशासन ने निर्माण एजेंसियों से मांगी जानकारी
इसके लिए संबंधित निर्माण एजेंसियों से प्रोजेक्टों की स्थिति और उनकी तैयारियों के संबंध में जानकारी मांगी गई है। निर्माण एजेंसियों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर ऐसे कार्यों की सूची तैयार की जाएगी, जिनका लोकार्पण या भूमिपूजन 29 अक्टूबर को कराया जा सकता है।
इसके बाद यह सूची सहमति के लिए दिल्ली भेजी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलने पर चयनित प्रोजेक्टों को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के कार्यक्रम के साथ जोड़ दिया जाएगा।
महाराज बाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल म्यूजियम और कटारे फार्म स्थित थीम पार्क शहर के उन प्रोजेक्टों में शामिल हैं, जिनका लोकार्पण केंद्रीय गृह मंत्री से कराने की संभावना जताई जा रही है।
इन दोनों परियोजनाओं को कार्यक्रम में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि इनके लोकार्पण को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित एजेंसियों से जानकारी मिलने और दिल्ली से सहमति प्राप्त होने के बाद ही होगा।
कई परियोजनाओं का लोकार्पण और नए कार्यों का कराया जा सके भूमिपूजन
टीएमजेड के भूमिपूजन कार्यक्रम को शहर के अन्य विकास कार्यों से जोड़ने की तैयारी इसलिए की जा रही है, ताकि एक ही अवसर पर कई परियोजनाओं का लोकार्पण और नए कार्यों का भूमिपूजन कराया जा सके। इसके लिए विभिन्न निर्माण एजेंसियों से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रस्तावित सूची में किन परियोजनाओं को जगह मिलेगी, यह उनके निर्माण की स्थिति और कार्यक्रम में शामिल करने की स्वीकृति पर निर्भर करेगा। फिलहाल 29 अक्टूबर के कार्यक्रम में इंडस्ट्रियल म्यूजियम, थीम पार्क और अन्य विकास कार्यों को शामिल करने की तैयारी चल रही है। दिल्ली से सहमति मिलने के बाद ही कार्यक्रम में शामिल होने वाली परियोजनाओं की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
द्वारिका नगरी की सड़कें भी हो सकती हैं शामिल
इन प्रोजेक्टों के अलावा द्वारिका नगरी योजना के अंतर्गत शहर में प्रस्तावित सड़कों को भी शामिल किया जा सकता है। इसका कारण है कि इन सड़कों के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार से वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई है। ऐसे में 155 करोड़ रुपये की लागत वाली इन व्हाइट टापिंग सड़कों को भी भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल किया जा सकता है।