ग्वालियर में सागरताल तालाब में 3 भाई-बहन कूदे, एक की मौत, घर पहुंचे तो चौथे भाई का मिला शव
ग्वालियर के सागरताल क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने सामूहिक रूप से तालाब में छलांग लगा दी। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 05:59:17 PM (IST)Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 05:59:17 PM (IST)
ग्वालियर के सागरताल में सामूहिक आत्महत्या का प्रयास।HighLights
- ग्वालियर के सागरताल में सामूहिक आत्महत्या का प्रयास
- एक परिवार के तीन लोगों के तालाब में कूदने से सनसनी
- सागरताल में डूबने से परिवार के एक सदस्य ने तोड़ा दम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित सागरताल में मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे तीन भाई-बहन आत्महत्या करने के इरादे से कूद गए। मौके पर मौजूद लोग तत्परता दिखाते हुए तीनों को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए पर फेंफड़ों में पानी भर जाने से एक भाई बबलू खान की मौत हो गई। बड़े भाई इदरीश खान और बहन यास्मीन की हालत स्थिर है।
उधर घटना की जांच के लिए जब पुलिस घर पहुंची तो परिवार में बड़े भाई रहीस खान का शव मिला। उसकी मृत्यु बीमारी से होने की बात कही जा रही है। सही स्थिति का पता पोस्टमार्टम के बाद हो सकेगा। चारों भाई-बहन जनकगंज थाना क्षेत्र के ढोलीबुआ इलाके के निवासी हैं।
रिश्तेदारों-पड़ोसियों पर लगाए आरोप
बहोड़ापुर पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में इदरीश खान ने कोई बात स्पष्ट नहीं बताई, लेकिन उसने रिश्तेदारों और पड़ोसियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इदरीश का कहना है कि परिवार लंबे समय से मानसिक दबाव में था। पिता सरकारी प्रेस में काम करते थे और परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा था। पड़ोसियों और परिवार ने कभी उनका साथ नहीं दिया। भाई को समय पर सही इलाज नहीं मिला।
यह भी पढ़ें- सतना में फसल बचाने की कोशिश में बुजुर्ग किसान जिंदा जले, अरहर की पूरी फसल राख
पड़ोसियों से बोलचाल नहीं थी
पुलिस ने पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की। सामने आया है कि यह परिवार किसी से बातचीत नहीं करता था। इनका किसी के घर आना जाना भी नहीं था। थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि आत्महत्या के प्रयास की घटना में एक की मौत हुई है। दो का उपचार चल रहा है। इदरीश की मानसिक स्थिति की भी चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के पीछे मानसिक कारण थे या किसी प्रकार का बाहरी दबाव। घर में मृत मिले रहीस खान की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।