ग्वालियर-डबरा में दो सनसनीखेज घटनाएं: थाने के क्वार्टर में आरक्षक ने लगाई फांसी, कमरे में अचेत मिली 20 वर्षीय छात्रा
आरक्षक ने किन कारणों के चलते फांसी लगाई है, इसका अभी पता नहीं चल सका है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 13 Jun 2026 08:59:25 AM (IST)Updated Date: Sat, 13 Jun 2026 09:00:09 AM (IST)
पुलिस पड़ताल करते हुए और आरक्षक राघवेंद्र तोमर। वीडियोग्रेबHighLights
- डबरा सिटी थाने में पदस्थ आरक्षक राघवेंद्र तोमर ने की खुदकुशी
- ग्वालियर के हजीरा में बंद कमरे में मिली छात्रा प्रांची
- दोनों मामलों में पुलिस कर रही है बारीकी से पड़ताल
नईदुनिया न्यूज, डबरा। डबरा सिटी थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने शुक्रवार की रात करीब नौ बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरक्षक ने किन कारणों से फांसी लगाई, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मुरैना निवासी और डबरा सिटी थाने में पदस्थ आरक्षक राघवेंद्र तोमर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरक्षक तोमर ने सिटी थाने के पीछे बने क्वार्टर में फांसी लगाई है।
आरक्षक द्वारा फांसी लगाए जाने की सूचना पर मौके पर एसडीओपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आरक्षक ने किन कारणों के चलते फांसी लगाई है, इसका अभी पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि आरक्षक अंबाह से ग्वालियर और डबरा अपडाउन करता था।
छात्रा ने कमरे में लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी
ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के न्यू बस्ती कांच मिल इलाके में एक 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिली थी। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार न्यू बस्ती कांच मिल निवासी 20 वर्षीय प्रांची परिहार पुत्री हरवीर सिंह परिहार छात्रा थी। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात वह अपने कमरे में थी। कुछ समय बाद जब परिजन उसके कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर प्रांची अचेत अवस्था में मिली। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।