
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सांदीपनि पद्मा विद्यालय के नवीन भवन के निर्माण के दौरान सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर स्लैब कास्टिंग के दौरान छत ढह गई। साथ ही छत से जुड़े दो पिलर भी टूट गए। घटना में स्लैब कास्टिंग कर रहे चार मजदूर घायल हो गए।
घायल मजदूरों को तुरंत जय आरोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर में ले जाया गया। इस दौरान एक मजदूर के हाथ में फ्रैक्चर आया है और तीन को मामूली चोटें आई हैं। भवन को पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन बना रही है।

इस घटना से सांदीपनि स्कूलों के भवनों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। क्योंकि पिछले दिनों ही शिक्षा विभाग और पुलिस हाउसिंग की टीम ने जिले के सभी सांदीपनि स्कूलों के निर्माणाधीन भवनों की जांच की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे नवीन भवन के निर्माण के दौरान दूसरी मंजिल पर छत डाली जा रही थी। मशीन और पंप से कंक्रीट छत के लिए डाली गई शटरिंग पर पहुंचाई गई थी। मजदूर कंक्रीट को एक जैसा कर रहे थे। तभी अचानक छत भरभरा कर ढह गई। छत के गिरने के दौरान ही 25-25 एमएम मोटाई के सरिए वाले पिलर भी टूट गए। मौके पर मौजूद सुपरवाइजर बलवंत सिंह ने बताया कि छत पर कंक्रीट अधिक हो गई थी। वजन अधिक होने और पंप व मशीन के कंपन की वजह से शटरिंग का ढांचा बैठ गया और छत गिर गई।
दिन में दो से ढाई बजे के बीच निर्माण स्थल के मजदूरों का लंच चल रहा था। इसलिए अधिकतर मजदूर भोजन खाने के लिए गए थे। केवल छत पर कंक्रीट को फैलाने के लिए चार मजदूर ही काम कर रहे थे। इसलिए वही चार मजदूर घायल हुए। मजदूर अनिल राय ने बताया कि छत के गिरने की आवाज आने पर सभी मजदूर भाग कर मौके पर आए और मलबे में फंसे मजदूरों को बचा लिया। हादसे में घायल मजदूरों में दमोह निवासी हरिराम बंसल 38 वर्ष, राजेश 30 वर्ष, कोरबा छत्तीसगढ़ निवासी रामझरोखा 38 वर्ष, दिलेश्वर 25 वर्ष शामिल हैं।
घटना की सूचना के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया और मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही कलेक्टर रुचिका चौहान ने पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक अनंत कुमार सिंह से फोन पर बात की। इस दौरान प्रबंध निदेशक ने कलेक्टर से कहा कि वे इस मामले की जांच के लिए चीफ प्रोजेक्ट इंजीनियर के साथ तकनीकी दल ग्वालियर भेजेंगे। जांच के बाद संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्लैब कास्टिंग के दौरान छत ढही है। इसके क्या कारण रहे हैं। इस बात की जांच की जाएगी। जांच में विभागीय कर्मचारियों व ठेकेदारों ने क्या क्या लापरवाही बरती है वह सामने आएगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भवन के क्षतिग्रस्त हिस्से को पुनः बनाया जाएगा।
-मनोज आचार्य, प्रोजेक्ट इंजीनियर, पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन