आंगनबाड़ी से लौटते समय लापता हुआ मासूम, CCTV से मिला सुराग; हरदा के खंडहर स्कूल से शव बरामद
MP News: हरदा जिले के सुखरास गांव में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दो साल से बंद पड़े खंडहर स्कूल में पांच वर्षीय बच्चे का शव मिला। मृतक की पहच ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 13 Feb 2026 12:28:25 AM (IST)Updated Date: Fri, 13 Feb 2026 12:56:18 AM (IST)
हरदा में दो साल से बंद पड़े खंडहर स्कूल में 5 वर्षीय अनिल कोरकू का शव मिला। (मृतक बच्चे की फाइल फोटो)HighLights
- सुखरास गांव के खंडहर स्कूल में शव मिला
- आंगनबाड़ी से लौटते समय लापता हुआ बच्चा
- सीसीटीवी में स्कूल की ओर जाता दिखा
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा: सुखरास गांव निवासी पांच वर्षीय अनिल कोरकू गुरुवार दोपहर आंगनबाड़ी गया था। दोपहर में लौटते समय वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
गांव में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई, जिसमें अनिल खंडहर स्कूल की ओर अकेले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में खोजबीन की, जहां उसका शव मिला। यह स्कूल पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है।
गले पर चोट के निशान, जांच जारी
सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी आरएस तिवारी ने बताया कि स्कूल जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी में बच्चा अकेला जाता दिख रहा है। बच्चे के गले में चोट के निशान मिले हैं। शव को जिला अस्पताल लाया जा रहा है, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
ग्रामीणों के अनुसार अनिल जब दो माह का था, तभी उसकी मां की मृत्यु हो गई थी। उसके पिता दूसरी शादी कर दूसरे गांव में रहने लगे थे। इसके बाद अनिल का पालन-पोषण उसके बड़े पापा ने किया।
एंबुलेंस नहीं पहुंची
शव मिलने के करीब तीन घंटे बाद भी एंबुलेंस गांव नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने निजी चार पहिया वाहन की व्यवस्था की और रात करीब साढ़े 11 बजे शव को जिला अस्पताल के लिए रवाना किया।