
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। जिले की हंडिया तहसील के ग्राम अजनास रैय्यत के किसान ने जमीनी विवाद से परेशान होकर मौत को गले लगा लिया है। किसान ने मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
तबीयत खराब होने पर बेहोशी की हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजकर भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक किसान के स्वजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं मृत्यु से पहले किसान ने मीडिया के सामने सल्फास खाने की बात कही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हंडिया तहसील के ग्राम अजनास रैय्यत निवासी 55 वर्षीय किसान भगत पिता रामकृष्ण विश्वकर्मा जमीन के विवाद से परेशान थे। उनके बेटे राकेश विश्वकर्मा ने बताया कि उनके पिता के बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा और उनके बेटे नर्मदाप्रसाद विश्वकर्मा पुलिस के साथ मिलकर छह एकड़ जमीन को लेकर परेशान करते थे। उनके पिता को जमीन से बेदखल कर दिया था। इससे वे लंबे समय से परेशान थे।
यह भी पढ़ें- एमपी कैबिनेट की 19 जुलाई को अहम बैठक, UCC विधेयक के ड्राफ्ट पर लगेगी मुहर, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिए निर्देश
जिला पंचायत में किसी व्यक्ति के बीमार होने की सूचना मिलने पर एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। - एचपी सिंह, सीएमएचओ, हरदा
किसान एवं उसके भाई का जमीन को लेकर आपसी विवाद था। एसडीएम न्यायालय से अपील खारिज हो गई थी। संभाग आयुक्त के न्यायालय में अपील की गई थी। वहीं सिविल कोर्ट से स्टे दिया गया था। इस मामले को लेकर पहले भी विवाद हुए हैं, जिसके प्रकरण थाने में दर्ज हैं। - सिद्धार्थ जैन, कलेक्टर, हरदा