हरदा में मूंग खरीदी की मांग ने रोकी रफ्तार, एक हजार किसान नागपुर-इंदौर नेशनल हाईवे पर डटे
हरदा में मूंग की समर्थन मूल्य खरीदी के विरोध में किसानों ने नेशनल हाईवे-47 पर चक्काजाम शुरू किया। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया।
Publish Date: Wed, 15 Jul 2026 04:40:48 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Jul 2026 06:45:46 PM (IST)
हाईवे पर किसानों ने चक्काजाम शुरू किया है। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- मूंग खरीदी के विरोध में किसानों ने हाईवे पर चक्काजाम शुरू किया।
- किसानों ने सड़क पर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया।
- भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात रहा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी मूंग खरीदी 1.20 क्विंटल प्रति एकड़ करने के विरोध में आम किसान यूनियन के नेतृत्व में हाईवे पर किसानों ने चक्काजाम शुरू किया है। बुधवार को दोपहर 12 बजे से नागपुर-इंदौर नेशनल हाईवे 47 पर हरदा शहर के करीब पिड़गांव के पास किसान सड़क पर टेंट लगाकर बैठ गए हैं।
किसानों ने शत प्रतिशत मूंग खरीदी नहीं होने तक चक्काजाम जारी रखने का दावा किया है। किसानों के इस आंदोलन को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि प्रशासन ने फायर ब्रिगेड सहित एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की है।
अलग-अलग संगठनों के किसान नेता आंदोलन में शामिल
किसानों ने बताया कि आंदोलन में अलग-अलग किसान संगठन के किसान नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। किसान नेता डा. जगदीश सारण ने आंदोलन के दौरान बताया कि किसानों की मांग पूरी नहीं होने पर किसानों को लाखों रुपये के नुकसान होगा।
फोरलेन पर भारी पुलिस बल तैनात:
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि किसानों का आंदोलन नेशनल हाईवे पर चल रहा है। जहां सुरक्षा की लेकर पुलिस बल तैनात किया है। भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया है। किसान नेताओं से चर्चा कर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।
उसके साथ ही प्रशासन की ओर से एसडीएम अशोक डेहरिया, तहसीलदार महेंद्र सिंह चौहान, एसडीओपी शालिनी परस्ते सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला तैनात किया गया है। पुलिस ने वाहनों के लिए किया रूट डायवर्ट
इंदौर से हरदा एवं खंडवा की ओर जाने वाले वाहन के लिए रूट डायवर्ट किया गया है। जिसमें वाहन संदलपुर फाटा, दीपगांव, बोरधा, गोपालपुर, ईटावा-इटारसी मार्ग, बड़ी छीपानेर, छोटी छीपानेर, हरदा से खंडवा जाएंगे।
नर्मदापुरम और बैतूल जाने वाले वाहनों के लिए तय किया ये रूट
- इंदौर से नर्मदापुरम एवं बैतूल की ओर जाने वाले वाहन संदलपुर फाटा, भैरूंदा, रेहटी, सलकनपुर, बुधनी, नर्मदापुरम से बैतूल जा सकेंगे। इसी प्रकार हरदा से इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहन हरदा से करताना, छोटी छीपानेर, बड़ी छीपानेर, इटारसी, गोपालपुर, संदलपुर फाटा, खातेगांव होते हुए इंदौर जाएंगे।
- दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग भी तय किया है। इसके तहत इंदौर से हरदा आने-जाने वाले हल्के वाहनों के लिए अबगांव कला (नहर मार्ग) से भुन्नास मार्ग, अबगांव खुर्द, छीपानेर मार्ग होते हुए हरदा पहुंचने मार्ग निर्धारित किया गया है।
ये खबर भी पढ़ें- नरसिंहपुर में दहेज में मिली बाइक बेचने से पत्नी से सुनाई खरीखोटी, नाराज युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान