
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। नगर परिषद सिराली का कचरा वाहन सुधारने के बाद जब मैकेनिक को उसकी मेहनत की राशि नहीं मिली तो वह हाथ में कटोरा लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के सामने खड़ा हो गया। मैकेनिक पिछले करीब चार माह से राशि पाने के लिए भटक रहा है। आवेदन देते हुए खिरकिया निवासी मैकेनिक भोला सैनी ने बताया कि उसने नगर परिषद सिराली के कचरा वाहन की मरम्मत की थी। इस काम में उसे 12 हजार से अधिक का खर्चा आया था।
भुगतान के लिए कई बार नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारियों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने जवाब तक नहीं दिया। उसने 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन बिना उसकी सहमति के हर बार उसकी शिकायत का समाधान बताकर उच्च अधिकारियों को गुमराह किया गया। मैकेनिक भोला का कहना था कि अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए उसे अब भीख मांगने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए वह कटोरा लेकर जनसुनवाई में पहुंचा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को युवक का लंबित भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की धोखाधड़ी सामने आती है तो संबंधित युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाए। कटोरा लेकर जनसुनवाई में पहुंचने का मामला पूरे दिन चर्चा में रहा।