
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : साइबर ठगों के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के मामले में छोटी ग्वालटोली पुलिस को एक ओर बड़ा सुराग मिला है। इंडियन ओवरसीज बैंक के एक खाते के खिलाफ देशभर से 169 साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस ने दो आरोपितों को मामले में गिरफ्तार कर लिया है। केस की जांच केरल के पालक्काड में हुई 49 हजार रुपये की साइबर ठगी से हुई थी।
टीआई जितेंद्र यादव के अनुसार कार्रवाई ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत की गई। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, एनसीआरपी और साइबर क्राइम पोर्टल से मिले डेटा की जांच के पुलिस ने मनप्रीतसिंह टूटेजा और सोमनाथ दास के खिलाफ केस दर्ज किया। टीआई के अनुसार आरोपितों द्वारा परलीन इंटरप्राइजेस के नाम से खाता खुलवाया गया था। इसके विरुद्ध कुल 169 शिकायतें साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज हैं।
साइबर अपराधियों ने रिटायर सैन्यकर्मी शशिकांत से 1 लाख 23 हजार रुपये की आनलाइन ठगी कर ली। परदेशीपुरा पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 75 वर्षीय शशिकांत आर्मी से रिटायर हुए है। उन्होंने फेसबुक पर पेंशन कार्ड का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर बैंक का लोगो लगा हुआ था। लिंक खोलकर शशिकांत ने आवेदन कर दिया था। ठग ने बातों में उलझाया और 1 लाख 23 हजार रुपये निकाल लिए।
इंदौर। तेजाजी नगर पुलिस ने अन्नू पटेल की शिकायत पर विशाल पुत्र मोहन पाटीदार निवासी साल्याखेड़ी(सुसनेर) के खिलाफ हेराफेरी का केस दर्ज किया है। अन्नू के अनुसार आरोपित ने 7 कार अनुबंध कर ली थी। 3 कार लावारिश अवस्था में मिल गई लेकिन चार कार विशाल ने गायब कर दी। बुधवार रात पुलिस ने विशाल के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली।