_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मप्र हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने शासकीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उज्जैन में वर्ष 2021 से 2026 के बीच पदस्थ रहे छह तहसीलदारों पर 60 हजार रुपये अर्थदंड लगाया है। जमीन पर कब्जे से जुड़े एक मामले में पांच साल बाद भी शासन की ओर से जवाब पेश नहीं किया गया था। कोर्ट ने इस लापरवाही को न्यायिक प्रक्रिया में देरी का कारण माना है।
मामला उज्जैन की राजस्व कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी समिति से जुड़ा हुआ है। वर्ष 2021 से हाई कोर्ट में चल रहे इस मामले में शासन, उज्जैन कलेक्टर, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी हल्का नंबर 64 पक्षकार हैं। कोर्ट की ओर से लगातार जवाब मांगे जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने अब तक जवाब नहीं दिया। संस्था की ओर से अधिवक्ता गौरव कुमार वर्मा ने इस पर आपत्ति ली। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से बार-बार जवाब पेश करने के लिए सिर्फ समय मांगा जा रहा है। अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होना चाहिए।
मामले में हाई कोर्ट ने 17 नवंबर को संबंधित तहसीलदार को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए कहा था। इसके पालन में तहसीलदार मुकेश सोनी न्यायमूर्ति संदीप एन भट्ट की बेंच में उपस्थित हुए। उन्होंने कोर्ट को बताया कि मार्च 2026 में उन्होंने पदभार संभाला है। उनसे पहले वर्ष 2021 से 2026 के बीच इस पद पर पांच से छह अधिकारी कार्यरत रहे हैं। तहसीलदार ने बगैर शर्त माफी भी मांगी।
कोर्ट ने आदेश में कहा कि पांच साल का लंबा समय गुजरने के बावजूद शासन की ओर से जवाब दाखिल नहीं किया गया। इस अवधि में पद पर रहे किसी भी अधिकारी ने जवाब पेश कराने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। अधिकारियों की इस लापरवाही से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हुई और मामले के निराकरण में अनावश्यक देरी हुई। ऐसी लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ वरिष्ठ स्तर पर उचित कार्रवाई के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
कोर्ट ने संबंधित विभाग से कहा है कि वह सात दिन के भीतर 60 हजार रुपये की राशि जमा करा दे। कोर्ट ने यह भी कहा है कि शासन चाहे तो इस राशि को वर्ष 2021 से 2026 के बीच इस पद पर रहे पांच-छह अधिकारियों से समान रूप से वसूल सकता है। यह राशि मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में जमा कराना होगी। हर्जाने की राशि जमा कराने के बाद ही शासन की ओर से पेश किए जाने वाले जवाब को स्वीकार किया जाएगा। कोर्ट ने शासकीय अधिवक्ता से कहा कि 3 दिसंबर को होने वाली सुनवाई से पहले 60 हजार रुपये जमा करने की रसीद प्रस्तुत करें।