ज्वैलरी शोरूम में महिला कर्मचारी ने किया ₹60 लाख का गबन, ग्राहकों को दिखाने के बहाने आभूषण लेकर हुई फरार, FIR दर्ज
इंदौर के एक ज्वैलरी शोरूम में लाखों रुपये कीमती आभूषणों की हेराफेरी का मामला सामने आया है। तुकोगंज पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर की शिकायत पर महिला कर्म ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 08 Mar 2026 06:58:50 PM (IST)Updated Date: Sun, 08 Mar 2026 06:58:50 PM (IST)
महिला कर्मचारी ने किया ₹60 लाख का गबन। (Image Source: AI-Generated)HighLights
- तुकोगंज पुलिस की रडार पर सेल्स गर्ल
- 357 ग्राम सोना लेकर गायब हुई कर्मचारी
- किश्तों वाली योजना में भी किया गबन
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के एक ज्वैलरी शोरूम में लाखों रुपये कीमती आभूषणों की हेराफेरी का मामला सामने आया है। तुकोगंज पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर की शिकायत पर महिला कर्मचारी के खिलाफ गबन की एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला ग्राहकों को आभूषण दिखाने और बेचने के बहाने आभूषण लेकर गायब हो गई है। हेराफेरी में महिला के साथ अन्य लोगों के शामिल होने का अंदेशा है।
सेल्स एग्जीक्यूटिव पर गबन का आरोप
टीआइ जितेंद्र यादव के अनुसार रजत जेम्स एंड ज्वेलरीज प्रा.लि. का तुकोगंज थाना के समीप स्थित सिटी सेंटर में ज्वैलरी शोरूम है। डायरेक्टर रजत पुत्र कल्याण माहेश्वरी निवासी स्कीम-74 ने सेल्स एग्जीक्यूटिव मेघा आशीष राठौर निवासी भक्त प्रहलाद नगर के खिलाफ शिकायत की है। रजत के अनुसार मेघा सात साल से शोरूम में काम कर रही थी। ग्राहकों की मांग पर शोरूम से आभूषण ले जाकर घर दिखाने जाती थी।
60 लाख रुपये से अधिक के आभूषण गायब
रजत की कंपनी ग्राहकों की सुविधा के लिए स्वर्ण आभूषण योजना भी संचालित करती है। इसके तहत ग्राहक किस्तों में रुपये जमाकर आभूषण खरीदते हैं। मेघा ने 21 जनवरी से 9 फरवरी के मध्य सात अलग-अलग पार्टियों के नाम से गोल्ड अप्रूवल वाउचर से कुल 357.66 ग्राम वजनी 60 लाख 97 हजार के आभूषण लिए और वापस नहीं किए। मेघा ने आभूषणों के रुपये भी कंपनी में जमा नहीं किए।
यह भी पढ़ें- भोपाल में पिता ने नाबालिग बेटी से किया रेप... पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पकड़ाया, मां गई हुई थी मायके
फरार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
12 फरवरी से मेघा ने नौकरी पर आना बंद कर दिया। फोन पर जवाब न देने पर रजत ने थाने में शिकायत कर शनिवार को एफआईआर दर्ज करवा दी। टीआइ के अनुसार मेघा के खिलाफ बीएनएस की धारा 316 के तहत एफआईआर दर्ज की है। जमानती धारा होने के कारण मेघा को नोटिस भेजा जाएगा।