आखातीज पर इंदौर में बड़ा आयोजन, पितृ पर्वत पर लगेगा 3100 किलो आम का भोग, होंगे 73 जोड़ों के सामूहिक विवाह
स्वयं सिद्ध मुहूर्त में से एक आखातीज पर 19 अप्रैल को बन रहे मंगलकारी त्रिवेणी संयोग में इस वर्ष एक बार फिर हर ओर शहनाई बजेगी। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 08:48:39 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 08:48:39 PM (IST)
आखातीज पर इंदौर में बड़ा आयोजन। (AI से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- आखातीज पर इंदौर में बड़ा आयोजन
- लगेगा 3100 किलो आम का भोग
- होंगे 73 जोड़ों के सामूहिक विवाह
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। स्वयं सिद्ध मुहूर्त में से एक आखातीज पर 19 अप्रैल को बन रहे मंगलकारी त्रिवेणी संयोग में इस वर्ष एक बार फिर हर ओर शहनाई बजेगी। अक्षय तृतीया पर इस बार सर्वार्थ सिद्धि, गजकेसरी और मालव्य राजयोग का त्रिवेणी संयोग बनेगा।
वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की तृतीया कभी न क्षय होने वाला फल प्रदान करती है। इस अवसर पर आखातीज पर की गई चल-अचल संपत्ति की खरीदारी भी कभी न क्षय होने वाला फल देगी। शहर के गार्डन, धर्मशाला और मैदानों पर वैवाहिक आयोजन होंगे और विभिन्न समाजों के सामूहिक विवाह भी संपन्न होंगे।
शुभ मुहूर्त और तिथियों का गणित
ज्योतिर्विद् शिव प्रसाद तिवारी के अनुसार तृतीया तिथि 19 अप्रैल को सुबह 7:28 से अगले दिन सुबह 7:28 बजे तक यानी कुल 20 घंटे 38 मिनट रहेगी। मतमतांतर के साथ 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया मनाई जाएगी। इस पावन अवसर पर खरीदारी और मांगलिक कार्यों के लिए पूरा दिन अत्यंत शुभ रहेगा।
पितृ पर्वत पर 3100 किलो आम का महाभोग
पितृ पर्वत स्थित पितृरेश्वर हनुमान धाम पर रविवार को पितरेश्वर हनुमान को 3100 किलो आम का महाभोग लगेगा। भोग के बाद भक्तों को आम का प्रसाद वितरित होगा और महाआरती होगी, जिसमें साधु-संत सम्मिलित होंगे।
धाम के प्रमुख आकाश विजयवर्गीय एवं महेश दलोद्रा ने बताया कि भगवान का फूल बंगले की तरह आम का बंगला सजेगा, जिसमें भगवान के आसपास चारों तरफ आम ही आम लगाए जाएंगे। 21 विद्वान पंडितों द्वारा वेद मंत्रों के बीच भगवान को महाभोग लगाया जाएगा।
राजपूत समाज का भव्य आयोजन
राजपूत समाज के 73 जोड़ों का सामूहिक विवाह कांकरिया बोडिया (हातोद) में 19 अप्रैल को होगा। आयोजन के लिए 50 हजार वर्गफीट में भव्य पंडाल बनाया गया है। इस अवसर पर सामाजिक सरोकार का संकल्प भी दिलाया जाएगा। हल्दी-मेहंदी और संगीत के साथ उत्सव की पूरी तैयारी कर ली गई है।
संस्था आनंद द्वारा सामूहिक विवाह
संस्था आनंद द्वारा अक्षय तृतीया पर सर्व समाज नि:शुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। द मिष्टी पैलेस गार्डन, अरबिंदो हॉस्पिटल टोल नाका के पास, सांवेर रोड पर 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह किया जाएगा। संस्थापक पलक आनंद नरवरिया ने बताया कि इस आयोजन में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।