इंदौर में नगर निगम ने लॉन्च किया 'ऑल टाइम' ऐप, अब एक क्लिक पर घर बैठे मिलेंगी रोजमर्रा की सेवाएं
शहरवासियों को घर बैठे रोजमर्रा की सेवाएं उपलब्ध कराने और शहरी गरीबों को रोजगार देने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘ऑल टाइम’ एप की शुरुआत की गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 06:06:20 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 06:06:19 PM (IST)
नगर निगम ने लॉन्च किया 'ऑल टाइम' ऐप ( एआई फोटो)HighLights
- एक प्लेटफॉर्म पर सभी सेवाएं
- शहरी गरीबों को रोजगार
- पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहरवासियों को घर बैठे रोजमर्रा की सेवाएं उपलब्ध कराने और शहरी गरीबों को रोजगार देने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘ऑल टाइम’ एप की शुरुआत की गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दीनदयाल अंत्योदय आजीविका योजना के तहत इस सिटी लाइवलीहुड सेंटर आधारित एप को लॉन्च किया।
इस अवसर पर विधायक गोलू शुक्ला, पार्षद पंखुड़ी डोसी और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। महापौर ने बताया कि इस एप के जरिए प्लंबिंग, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, फैब्रिकेटर, पेंटिंग और ब्यूटी पार्लर जैसी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर तय दरों पर उपलब्ध होंगी।
ऑन-डिमांड उपलब्ध
उन्होंने कहा कि जिस तरह कचरा कलेक्शन और फूड डिलीवरी सेवाएं ऑन-डिमांड उपलब्ध हैं, उसी तरह यह एप भी शहरवासियों को घर-घर तक सुविधाएं पहुंचाने का काम करेगा।
महापौर के अनुसार, यह पहल केंद्र सरकार की दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को सुविधा के साथ-साथ शहरी गरीबों को स्थायी रोजगार के अवसर प्रदान करना है। फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है और सफल होने पर पूरे शहर में लागू किया जाएगा।
सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित
सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एप से जुड़े सभी वेंडर्स का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है। साथ ही उन्हें सेवा और व्यवहार से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शिकायत मिलने पर संबंधित वेंडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।