इंदौर से दिल्ली और जलगांव की सीधी फ्लाइट शुरू करेगी एलायंस एअर, बुकिंग हुई शुरू; दो मई से पहली उड़ान
एलायंस एअर समर शेड्यूल में 2 मई से इंदौर से दिल्ली और जलगांव के लिए सीधी उड़ान शुरू करेगी। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 23 Apr 2026 08:38:01 AM (IST)Updated Date: Thu, 23 Apr 2026 08:42:15 AM (IST)
एलायंस एअर की दोनों फ्लाइट से इंदौर के यात्रियों को मिलेगी सुविधा।HighLights
- एक ही विमान से संचालित होंगी दोनों उड़ानें, दिल्ली-इंदौर-जलगांव-इंदौर-दिल्ली रूट पर चलेगा; दिल्ली के लिए 12वीं उड़ान होगी
- इंदौर-दिल्ली : दिल्ली से शाम 4.50 बजे रवाना, 6.50 बजे इंदौर; इंदौर से रात 9.25 बजे रवाना, 11.30 बजे दिल्ली
- इंदौर-जलगांव : इंदौर से शाम 7.15 बजे रवाना, 7.55 बजे जलगांव; जलगांव से रात 8.20 बजे रवाना, 9 बजे इंदौर
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। समर शेड्यूल में एलायंस एअर इंदौर से अपनी उड़ान को फिर से शुरू करने जा रही है। इस बार उड़ान दिल्ली के साथ ही जलगांव के लिए संचालित की जाएगी। विमान कंपनी ने दो मई से उड़ानों की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू की है। इससे जलगांव के लिए इंदौर से पहली सीधी उड़ान की सुविधा मिलेगी।
दिल्ली के लिए भी अतिरिक्त विकल्प यात्रियों को मिलेगा। यह उड़ानें सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट के 24 घंटे संचालित होने के बाद अब विमान कंपनियों ने समर शेड्यूल के लिए नई उड़ानों की घोषणा की है।
मई के पहले सप्ताह से शुरुआत
एलायंस एअर मई के पहले सप्ताह में एक साथ दो शहरों के लिए सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। दिल्ली और जलगांव के लिए शुरू होने वाली उड़ानों से यात्रियों को फायदा होगा। गौरतलब है कि एलायंस एअर पहले भी दिल्ली के लिए सीधी उड़ान संचालित कर रही थी, लेकिन वर्तमान में इसका संचालन बंद है।
अब समर सीजन में फिर से विमान कंपनी दिल्ली के साथ जलगांव की उड़ान शुरू कर रही है। इससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। वर्तमान में दिल्ली के लिए इंदौर से ग्यारह उड़ानें संचालित होती हैं। एलायंस एअर की उड़ान शुरू होने के बाद उड़ानों की संख्या 12 हो जाएगी।
एक ही विमान का उपयोग
स्टेशन मैनेजर समीर कुलकर्णी ने बताया कि विमान कंपनी दिल्ली और जलगांव की उड़ान के लिए एक ही विमान का उपयोग करेगी। उड़ान दिल्ली से इंदौर आकर जलगांव जाएगी और वापसी में इंदौर आकर रात्रि में दिल्ली पहुंचेगी। इससे यात्रियों को इंदौर से दिल्ली और जलगांव के लिए सीधी उड़ान सुविधा मिलेगी। जलगांव से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर विकल्प इस उड़ान के कारण मिलेगा।
यह भी पढ़ें : भोपाल में तीसरे एयरलाइंस ऑपरेटर का इंतजार बढ़ा, देहरादून-उदयपुर और जम्मू के लिए लंबे समय से फ्लाइट नहीं
यह रहेगा शेड्यूल
इंदौर-दिल्ली उड़ान
दिल्ली-इंदौर : 9आई 627 उड़ान दिल्ली से शाम 4.50 बजे रवाना होकर शाम 6.50 बजे इंदौर पहुंचेगी।
इंदौर-दिल्ली : 9आई 828 उड़ान इंदौर से रात्रि 9.25 बजे रवाना होगी और रात्रि 11.30 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इंदौर-जलगांव उड़ान
इंदौर-जलगांव : 9आई 627 उड़ान इंदौर से शाम 7.15 बजे रवाना होकर रात्रि 7.55 बजे जलगांव पहुंचेगी।
जलगांव-इंदौर : 9आई 828 उड़ान जलगांव से रात्रि 8.20 बजे रवाना होगी और रात्रि 9 बजे इंदौर पहुंचेगी।