महू में आर्मी अफसरों से 45 लाख की धोखाधड़ी... राया डेवलपर्स का मालिक अनीस कुरैशी गिरफ्तार, फार्म हाउस के नाम पर की ठगी
इंदौर जिले की महू तहसील के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फार्म हाउस दिलाने के नाम पर 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाल ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 10:32:57 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Feb 2026 03:25:18 AM (IST)
राया डेवलपर्स का मालिक अनीस कुरैशी गिरफ्तारHighLights
- सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों से फार्म हाउस के नाम पर 45 लाख की ठगी
- राया डेवलपर्स का मालिक अनीस कुरैशी गिरफ्तार, कोर्ट ने 3 दिन की रिमांड पर भेजा
- पूछताछ के दौरान आरोपी की तबीयत बिगड़ी, इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू (इंदौर)। इंदौर जिले की महू तहसील के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फार्म हाउस दिलाने के नाम पर 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले राया डेवलपर्स के मालिक अनीस कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपित अनीस की तीन दिन की रिमांड ली। पहले दिन पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही थी। इसके बाद दस्तावेज और रिकार्ड जब्त करने वाली थी तभी आरोपित का ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल बढ़ गया जिसके बाद उसे महू के मध्यभारत अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई रिकार्ड जब्त नहीं किए हैं।
सेना के अधिकारियों से लाखों की धोखाधड़ी
वर्ष 2021 में आवेदक कर्नल वरुण वैद्य (वर्तमान कमांडिंग ऑफिसर) तथा लेफ्टिनेंट कर्नल हिमांशु सिंह (वर्तमान इंजीनियर प्लानिंग ऑफिसर) महू में पदस्थ थे। आवेदकों ने शिकायत कर बताया कि अनीस पुत्र उस्मान कुरैशी ने राया स्टेट नामक कॉलोनी में 5500 वर्ग फीट फार्म हाउस की जमीन देने के नाम पर कर्नल वरुण से 24 लाख 15 हजार रुपये और लेफ्टिनेंट कर्नल हिमांशु से 21 लाख 28 हजार रुपये लेकर एग्रीमेंट कराया था। बाद में फार्म हाउस की जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। काफी समय बीतने के बाद जब अधिकारियों ने रजिस्ट्री या राशि वापस करने की मांग की तो आरोपित टालमटोल करता रहा। कुछ समय बाद अधिकारियों की महू से अन्य स्थानों पर पोस्टिंग हो गई। इसके बावजूद वे जब-जब महू आए, आरोपित उनसे मिलने से बचता रहा।