
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कार की किस्त बकाया होने पर बैंक मैनेजर ने रिकवरी एजेंट भेज दिए। युवक को बुलाया और बैंक में ही बंधक बना लिया। टीआई ने कॉल लगाया तो मैनेजर बहस करने लगा। पुलिस ने उसके विरुद्ध एफआइआर दर्ज की है। घटना एमजी रोड थाना अंतर्गत देवी अहिल्या मार्ग (जेल रोड) स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की है।
विनायक रेसीडेंसी नानक नगर (भोलाराम उस्ताद मार्ग) निवासी प्रतीक पुत्र मनोज निहाले ने बैंक मैनेजर जीवन वाघमारे के खिलाफ रिपोर्ट की है। टीआई विजय सिंह सिसोदिया के अनुसार प्रतीक ने बैंक से कार पर करीब दस लाख रुपये का लोन लिया था। उसकी तीन किस्तें बकाया हो गई थीं। आरोप है कि मैनेजर ने महिलाओं को रिकवरी के लिए प्रतीक के घर भेज दिया। उस पर रुपयों के लिए दबाव बनाया गया।
मंगलवार को प्रतीक बैंक गया और कहा कि वह एक किस्त भरने के लिए तैयार है। मैनेजर ने उससे बहस की और बैंक का शटर लगाकर उसे बंधक बना लिया। करीब तीन घंटे तक उसके साथ अभद्रता की गई। शाम सात बजे वह छूटा और सीधे थाने आया। टीआइ विजय सिंह सिसोदिया ने मैनेजर को कॉल लगाया तो बहस करने लगा। उसने कहा कि कानून वह भी जानता है। पुलिस ने रात में जीवन के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली।
विजय नगर थाना क्षेत्र में कार सवार युवकों ने एक युवक को कार में बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने दो के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। घटना थाने के समीप स्थित मिठाई की दुकान की है। सिंगापुर ग्रीन व्यू (तलावली चांदा) निवासी ठाकुरदास अहिरवार दोस्त कंचन के साथ बैठा था। आरोपित सौरभ सिंह और अतुल कार लेकर आए और बातचीत के लिए कार में बैठाया। आरोपितों ने सैलरी के संबंध में चर्चा की और ठाकुरदास की पिटाई कर दी।
यह भी पढ़ें- दुर्ग में समझाइश देने पर भड़के युवक, ड्यूटी से लौट रहे पुलिस कांस्टेबल को पीटा, मुंह-नाक से निकला खून
आरोपित जबरदस्ती कर सयाजी होटल के समीप लेकर आए और कार में ही मारपीट करते रहे। रात में वह थाने पहुंचा और पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। टीआइ सीके पटेल के अनुसार ठाकुरदास एडवाइजरी, डाटा एंट्री, कॉल सेंटर में युवक-युवतियों की नौकरी लगवाता है। वह सैलरी में भी कमीशन लेता है। युवकों की कुछ सैलरी अटकी हुई थी। उसको बातचीत के लिए ले गए और पिटाई कर दी।