
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जिस क्रिश्चियन कॉलेज में पार्श्व गायक और अभिनेता किशोर कुमार सहित कई हस्तियों ने शिक्षा ग्रहण की, वह शुक्रवार दोपहर सील हो गया। कॉलेज पर 14 लाख 82 हजार रुपये संपत्तिकर बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद कॉलेज यह राशि जमा नहीं कर रहा था। शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत है, इसलिए नगर निगम की टीम शुक्रवार को बकाया वसूली के लिए कॉलेज पहुंची।
जोन-11 के सहायक राजस्व अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन पर बकाया जमा करने के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन राशि जमा नहीं होने पर कॉलेज ऑफिस सहित अन्य कार्यालय सील कर दिए गए। इसी दिन निगम की टीम ने सियागंज क्षेत्र में भी कार्रवाई की।
यहां जमींदार परिवार (रावला) की 32 दुकानें सील की गईं। इन दुकानों पर नगर निगम का 13 लाख 49 हजार रुपये से अधिक संपत्तिकर बकाया था। नोटिस के बाद भी राशि जमा नहीं होने पर दुकानों को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान बाजार में हड़कंप मच गया और दुकानदारों ने विरोध भी किया। कुछ देर बाद जमींदार परिवार ने बकाया राशि का चेक दे दिया।