_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण दुनियाभर में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बाधित हुई है और इसका असर भारत में भी दिखाई दे रहा है। इंदौर में कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह से बंद कर दी गई है, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर लोगों को मिलते रहेंगे। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर के बुकिंग नियमों में बदलाव किया गया है और अब 25 दिन बाद ही टंकी मिल सकेगी। कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने से होटल, केटरिंग उद्योग पर संकट गहरा गया है।
घरेलू उपभोक्ताओं की ऊर्जा आपूर्ति को बहाल रखने के लिए सरकार ने व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति को पूरी तरह से रोक दिया है। सोमवार से पेट्रोलियम कंपनियों ने गैस एजेंसियों को व्यावसायिक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी है। पहले से मौजूद स्टॉक भी एजेंसी संचालकों के पास खत्म हो चुका है। आने वाले एक दो दिन में होटल और केटरिंग वालों की परेशानी बढ़ जाएगी। सप्लाई रुकने से इनको अन्य वैकल्पिक साधन पर जाना होगा। सरकार ने होटल और रेस्टोरेंट को वैकल्पिक साधन अपनाने के लिए निर्देशित किया है, ताकि उनका काम जारी रहे।
रेस्टोरेंट संचालक व्यावसायिक गैस सिलेंडर के लिए तीन से चार सौ रुपये अधिक चुकाने को तैयार हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जबकि पहले एजेंसी वालों को कम में सिलेंडर देना पड़ता था। केटरिंग और शादी वाले परिवारों में परेशानी व्यावसायिक गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने से सर्वाधिक असर केटरिंग, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर पड़ेगा। व्यावसायिक सिलेंडर पर रोक के बाद अब प्रदेश और इंदौर में शादी-समारोह वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। इन परिवारों को मेहमानों के लिए खाना तैयार करने के लिए परेशान होना पड़ेगा। उन परिवारों की परेशानी अधिक बढ़ेगी, जिनको हलवाइयों से खाना बनवाना है।
चार हजार सिलेंडर प्रतिदिन खपत इंदौर में 350 से 500 होटल और दो हजार से अधिक रेस्टोरेंट संचालित होते हैं, जिनमें व्यावसायिक गैस सिलेंडर का उपयोग होता है। इसके अलावा उद्योगों में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर ही सप्लाई होती है। औसतन इंदौर में साढ़े तीन से चार हजार व्यावसायिक गैस सिलेंडर की खपत है। शादी-विवाह के सीजन के अलावा शनिवार और रविवार को खपत बढ़कर छह हजार के पार पहुंच जाती है। पेट्रोलियम कंपनियों ने व्यावसायिक गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक दी है। यह कदम घरेलू गैस उपभोक्ताओं को गैस की सप्लाई होती रहे, इसलिए उठाया गया है। साथ ही एजेंसियों से एजुकेशन सेंटर, हॉस्टल, हॉस्पिटल आदि प्राथमिकता वाले संस्थानों की सूची मांगी है।
आने वाले समय में इनको लेकर निर्णय हो सकता है। – विशाल जैन, वितरक एचपी गैस।
देशभर में व्यावसायिक गैस सिलेंडर की सप्लाई तीनों एजेंसियों ने रोकी है। होटल और रेस्टोरेंट को व्यावसायिक सिलेंडर की अपेक्षा इंडक्शन, डीजल भट्टी आदि अल्टरनेट अपनाना होगा। आर्मी कैंटीन, हॉस्पिटल, स्कूल को सप्लाई होती रहेगी। घरेलू गैस सिलेंडर की किसी तरह की किल्लत नहीं है और लोगों को आसानी से मिलता रहेगा। शहर में सभी पंपों पर पेट्रोल-डीजल की भी भरपूर आपूर्ति है। – मोहन मारू, जिला आपूर्ति नियंत्रक।
होटल एसोसिएशन सरकार के निर्णय के साथ है। इस समस्या को लेकर प्रदेश स्तर पर बैठक रखी है और वैकल्पिक समाधान पर निर्णय करेंगे। सरकार को होटल इंडस्ट्री को इमरजेंसी सर्विस में रखना होगा, क्योंकि यहां पर मेहमानों को खाना देना होगा। – सुमित सूरी, अध्यक्ष मध्य प्रदेश होटल रेस्टोरेंट एसोसिएशन।
यह भी पढ़ें- भोपाल में डॉक्टर की लापरवाही से गरीब पर चढ़ा 80 हजार कर्ज, वेतन कटौती की मांग