भागीरथपुरा के मृतकों की अस्थियां हरिद्धार पहुंचाएगी कांग्रेस, सेवादल ने किया मोक्ष यात्रा का एलान
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल त्रासदी से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राहत देने के लिए कांग्रेस सेवादल ने एक मानवीय पहल की है। मृतको ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 29 Jan 2026 02:15:00 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Jan 2026 04:44:04 AM (IST)
दूषित जल त्रासदी के मृतकों की अस्थि विसर्जन जिम्मेदारी कांग्रेस सेवादल उठाएगा। फाइल फोटोHighLights
- दूषित जल त्रासदी के मृतकों के लिए मोक्ष यात्रा
- कांग्रेस सेवादल करेगा अस्थि विसर्जन की व्यवस्था
- फरवरी में हरिद्धार भेजे जाएंगे मृतकों के परिजन
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के अस्थि विसर्जन की जिम्मेदारी कांग्रेस सेवादल ने उठाने का निर्णय लिया है। कांग्रेस सेवादल ने मोक्ष यात्रा आयोजित करने की घोषणा की है, जिसके अंतर्गत मृतकों की अस्थियों का विसर्जन और क्रियाकर्म हरिद्धार में कराया जाएगा।
फरवरी में होगी यात्रा
सेवादल के जिला अध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि यह मोक्ष यात्रा फरवरी में आयोजित की जाएगी। कांग्रेस की ओर से यात्रा, ठहराव और कर्मकांड सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके लिए भागीरथपुरा क्षेत्र में सेवादल के कार्यकर्ताओं को नियुक्त किया गया है।
पीड़ित परिवारों से किया जाएगा संपर्क
कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनिश भार्गव ने बताया कि भागीरथपुरा क्षेत्र के अधिकांश प्रभावित परिवार निम्न और मध्यम वर्ग से हैं। पहले उन पर अपनों की बीमारी और उपचार का आर्थिक बोझ पड़ा, इसके बाद उन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। ऐसे में कई परिवार अस्थि विसर्जन जैसी धार्मिक परंपराएं निभाने की स्थिति में नहीं हैं।
मानवीय सेवा का संकल्प
अवनिश भार्गव के अनुसार, इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस सेवादल ने यह सेवा करने का संकल्प लिया है। ठाकुर दीपेंद्रसिंह और रानू मलोरिया को मृतकों के परिजनों से संपर्क करने और हरिद्धार जाने के इच्छुक परिवारों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समूह या अलग-अलग यात्रा की सुविधा
जिला अध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि यदि मृतकों के परिजन सामूहिक रूप से हरिद्धार जाना चाहेंगे, तो उसके अनुसार व्यवस्था की जाएगी। वहीं, छोटे-छोटे समूहों में यात्रा करने की इच्छा रखने वालों के लिए भी अलग से प्रबंध किया जाएगा। पूरी यात्रा के दौरान सेवादल के कार्यकर्ता सभी व्यवस्थाएं संभालेंगे।