
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कर्मचारियों को काम से हटाने के मामले में पार्षद पति और सहायक सीएसआई आमने-सामने हो गए। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला वार्ड 48 का है। पुलिस को दिए आवेदन में वार्ड 48 की पार्षद विजयलक्ष्मी गोहर के पति अनिल गोहर ने कहा है कि रविवार को वार्ड के निरीक्षण के दौरान वे बारह पत्थर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।
उन्होंने सहायक सीएसआई दिलीप लोधी को जनता की समस्या से अवगत कराने का प्रयास किया। उन्होंने सहायक सीएसआई से कहा कि वे सफाईकर्मियों से नियमानुसार कार्य लें। इस पर लोधी आक्रोशित हो गए और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने लगे।
लोधी ने कहा कि नेतागिरी मुझे मत दिखाना। हम अधिकारी हैं, तुम्हारा तो कार्यकाल समाप्त होने वाला है, हमें कोई नहीं हटा सकता। इधर सहायक सीएसआइ लोधी ने भी इस मामले में पुलिस को आवेदन देकर पार्षद पति द्वारा धक्का-मुक्की करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है।
मामला दरअसल कुछ कर्मचारियों को काम से हटाने का है। जानकारी के मुताबिक वार्ड में काम कर रहे तीन कर्मचारियों को हाल ही में काम से हटाया गया है। पार्षद पति ने सहायक सीएसआई से कहा कि अभी त्योहार का समय है। ऐसे में कर्मचारियों को काम से हटाना सही नहीं है। इन कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखकर इनसे नियमानुसार काम लिया जाए।
यह भी पढ़ें- इंदौर में टैंकर का बिल पास करने के लिए मांगी रिश्वत, नगर निगम के सब-इंजीनियर को ₹5 हजार लेते लोकायुक्त ने पकड़ा
इसी बात को लेकर पार्षद पति और सहायक सीएसआई में विवाद हो गया जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इधर संयोगितागंज पुलिस का कहना है कि दोनों ही पक्षों ने लिखित में शिकायत की है। शिकायतों की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर जिले में स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री ने पकड़ी रफ्तार, 27.39 प्रतिशत काम पूरा