
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दूध के नए खरीदी दाम तय होने से पहले किसानों ने दाम बढ़ाने को लेकर बिगुल बजा दिया है। संभागायुक्त और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के बाद अब किसान लगातार बैठक कर एकजुट हो रहे हैं। शनिवार को सांवेर क्षेत्र में बैठक हुई थी और रविवार को देपालपुर क्षेत्र के दूध उत्पादक किसानों ने बड़ी बैठक की। इसमें दूध के दाम बढ़ाने को लेकर किसानों ने सर्वसम्मति से हुंकार भरी।
सभी ने एक होकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया। जिला ग्रामीण दूध उत्पादक किसान संगठन द्वारा सांवेर के बाद अब देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करजोदा में किसानों की एक बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र के हजारों दुग्ध उत्पादक किसान अपनी मांगों को लेकर एकजुट दिखे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख किसान नेता दिलीप सिंह पंवार और हंसराज मंडलोई ने दुग्ध उत्पादक किसानों की ज्वलंत समस्याओं और मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि जब हर चीज के दाम बढ़ रहे हैं तो किसानों के दूध की कीमत बढ़ाने में देरी क्यों की जा रही है? किसानों से दूध की खरीदी 12 रुपये प्रति फैट के अनुसार की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों से खरीदी दाम नहीं बढ़ाए गए तो हड़ताल की जाएगी।
बैठक में संगठन के वरिष्ठ साथी चंदनसिंह बडवाया, अशोक चौहान, मुकेश चौहान, दिनेश चौहान, अंतरसिंह राठौर, कैलाश पटेल, सत्यनारायण चौहान, आनंद सिसोदिया आदि किसान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- अब मोबाइल बताएगा दूध कितना शुद्ध, NDDB टेस्टिंग ऐप से होगी जांच, रियल टाइम डेटा से रुकेगी गड़बड़ी