किसानों को बड़ी राहत! शादी और शोक वाले परिवारों का गेहूं पहले खरीदेगी सरकार, MP के इस जिले में प्रशासन का बड़ा फैसला
समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं की खरीदी की जा रही है। शासन द्वारा अब मध्यम और बड़े किसानों के लिए भी स्लॉट बुकिंग खोल दी गई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 08:09:52 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 08:10:25 PM (IST)
किसानों को बड़ी राहतHighLights
- विवाह या गमी वाले किसानों को मिलेगी प्राथमिकता
- पत्रिका दिखाकर तुरंत स्लॉट बुकिंग की सुविधा
- 20 हजार से अधिक किसानों ने कराई स्लॉट बुकिंग
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं की खरीदी की जा रही है। शासन द्वारा अब मध्यम और बड़े किसानों के लिए भी स्लॉट बुकिंग खोल दी गई है। इंदौर में विशेष परिस्थितियों वाले किसानों से पहले गेहूं खरीदने के निर्देश जिला प्रशासन ने जारी किए हैं। यानी जिन किसानों के यहां आगामी दिनों में विवाह आयोजन होने हैं या जिन परिवारों में दुखद घटना (गमी) हो गई है, उनसे प्राथमिकता से गेहूं खरीदा जाएगा।
ऐसे किसान विवाह पत्रिका या शोक पत्रिका दिखाकर केंद्रों पर जाकर स्लॉट बुक करवा सकेंगे। सभी खरीदी केंद्रों को इसके निर्देश दिए गए हैं। इंदौर में विशेष परिस्थितियों वाले किसानों से सबसे पहले गेहूं की खरीदी की जाएगी।
सुविधा और जरूरतों को देखते हुए निर्देश जारी
कलेक्टर शिवम वर्मा ने किसानों की सुविधा और जरूरतों को देखते हुए यह निर्देश जारी किए हैं। जिन किसानों के घर में आगामी दिनों में शादी है, वे शादी की पत्रिका दिखाकर खरीदी केंद्र पर तत्काल स्लॉट बुकिंग करा सकेंगे। गमी होने पर भी प्राथमिकता से स्लॉट बुकिंग होगी। ऐसे किसानों की उपज प्राथमिकता से तौलने और शीघ्र भुगतान के निर्देश खरीदी केंद्रों के संस्था प्रबंधक, ऑपरेटर और नोडल अधिकारियों को दिए गए हैं। इससे किसानों को समय पर उपज विक्रय और भुगतान से राहत मिलेगी।