IAS फार्म हाउस जुआ कांड : आरोपित जगदीश कुबड़ा से पूछताछ के बाद चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, किए गए लाइन अटैच
मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 10 मार्च की रात आइएएस वंदना वैद्य के फार्म हाउस पर पकड़े गए जुए के अड्डे में कार्रवाई करते हुए एसपी यांगचेन डोलकर ने मानपु ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 25 Mar 2026 11:08:15 AM (IST)Updated Date: Wed, 25 Mar 2026 11:10:08 AM (IST)
HighLights
- अब तक सात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
- हर दिन 20 हजार देने की बात तय हुई थी
- बीट पर दूसरे पुलिसकर्म करते थे कार्य
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू-मानपुर (इंदौर)। मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 10 मार्च की रात आइएएस वंदना वैद्य के फार्म हाउस पर पकड़े गए जुए के अड्डे में कार्रवाई करते हुए एसपी यांगचेन डोलकर ने मानपुर थाने में पदस्थ चार और पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया है।
कार्रवाई सोमवार को पुलिस द्वारा आरोपित कुबड़ा से पूछताछ करने के बाद की गई है। मुख्य आरोपित कुबड़ा ने यह भी बताया कि उसकी बातचीत पटेल पैलेस वाला महेंद्र पटेल से हुई थी। उसने जुआ खेलने के लिए जगह उपलब्ध कराई और पुलिस से सेटिंग होने की भी बात कही थी।
अब तक सात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
पुलिस महेंद्र पटेल को पहले ही आरोपित बना चुकी है, पर अब तक पटेल गिरफ्तार नहीं हुआ है। जुआकांड में अब तक सात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इसमें 11 मार्च को तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लोकेंद्र सिंह हिहोर, उप निरीक्षक मिथुन ओसारी और सहायक उप निरीक्षक रेशम गिरवाल को निलंबित किया जा चुका है।
हर दिन 20 हजार देने की बात तय हुई थी
मंगलवार को एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा थाने के उप निरीक्षक त्रिलोक बोरासी, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश भदौरिया, नीलेश यादव और आरक्षक सुशांत को लाइन अटैच किया है। जगदीश कुबड़ा ने पूछताछ में बताया कि महेंद्र पटेल ने कुबड़ा से कहा था कि वह जुआ खिलवाने के लिए जगह और सुविधा उपलब्ध कराएगा। पुलिस का भी कोई डर नहीं रहेगा वहां भी सेंटिंग हो जाएगी। इसके एवज में हर दिन 20 हजार रुपये देने की बात भी तय हुई थी।
जनवरी से लगातार जुआ अड्डा चलाया जा रहा था
मानपुर के पटेल पैलेस, कोठी निवास फार्म हाउस सहित आसपास के क्षेत्र में जनवरी माह से लगातार जुआ अड्डा चलाया जा रहा था। रोज कभी शाम को तो कभी रात भर जुआ खिलवाया जाता था। जुआ खत्म होने के बाद महेंद्र पटेल को रुपये मिल जाते थे। इस तरह मानपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर तीन महीने लगातार जुआ चलता रहा।
पूछताछ के बाद इस पूरे कांड में मानपुर थाना की संलिप्तता की आशंका भी गहराती जा रही है। महेंद्र पटेल ने अग्रिम जमानत के लिए भी प्रयास किए जिसे न्यायालय ने खारिज दिया है।
यह भी पढ़ें- IAS के फार्म हाउस पर 'जुआ कांड' में बड़ी सफलता, केयरटेकर-चौकीदार समेत 3 गिरफ्तार
ओसारी की बीट पर दूसरे पुलिसकर्म करते थे कार्य
ड्यूटी के अनुसार आवलीपुरा गांव की बीट एसआइ मिथुन ओसारी की थी, परंतु ओसारी की जगह वहां की शिकायतें, प्रकरण व अन्य कार्य उप निरीक्षक त्रिलोक बोरासी, सहायक उप निरीक्षक सुरेश भदौरिया, सउनि नीलेश यादव और आरक्षक सुशांत देखते थे। जबकि ओसारी दूसरी बीट देखते थे।
एसपी द्वारा मिथुन ओसारी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपित कुबड़ा को गिरफ्तार कर एक दिन की रिमांड ली थी। इसके बाद मंगलवार को उसे फिर से न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।