
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में गैस सिलिंडरों की कोई किल्लत नहीं है, लेकिन हम पीएनजी को बढ़ावा देना चाहते हैं। सरकार की कोशिश है कि लोग सिलिंडर छोड़कर गैस पाइप लाइन पर आ जाएं। यह आर्थिक रूप से फायदेमंद है। इस वजह से गैस सिलिंडर के नए कनेक्शन पर फिलहाल रोक है। कई ऐसे परिवार हैं, जहां पाइप गैस कनेक्शन नहीं पहुंचा है और वहां समय लगेगा।
ये लोग ही परेशान हैं और सरकार उनके लिए समाधान उपलब्ध करवा रही है। यह बात पुरी ने गुरुवार को संविधान गौरव दिवस पर इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय परिसर के स्कूल ऑफ कामर्स के सभागृह में युवाओं से संवाद में कही। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बगैर उनके कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिए गए बयानों पर उन्हें घेरने का प्रयास किया।
परिवारवाद व इमरजेंसी पर भी निशाना साधा। यह भी कहा कि भारत में गैस सिलिंडर की कमी कभी नहीं रही। ब्लैक मार्केटिंग के साथ यह राजनीतिक एजेंडा था। अफवाह के कारण गैस सिलिंडर की मांग दोगुनी हो गई थी। हमारे पास 60 दिन का गैस स्टॉक था। उन्होंने कहा कि होर्मुज संकट के बाद यूरोप अमेरिका में जहां ईंधन की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, वहीं भारत में सात से आठ प्रतिशत ही दाम बढ़े।
ई-20 (पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनाल) के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया गया है। कुछ महीने पहले ई-85 भी लांच कर दिया गया है। एथेनाल ब्लेंडिंग से एक लाख 90 हजार करोड़ की बचत हुई। इससे किसानों को एक लाख 40 हजार करोड़ रुपये का फायदा हुआ।
पत्रकारवार्ता में एपस्टीन पर पूछे गए सवाल पर पुरी बोले- मैं उस समय संयुक्त राष्ट्र में प्रतिनिधि नहीं था। मैं प्राइवेट सिटीजन था। न्यूयार्क में रहता था। बड़े लोगों से मिलता था। अब उन्होंने मेरे साथ पत्रकार वार्ता की है। उस समय एक व्यक्ति ने एक फोटोग्राफ दिखाई जो वहां बैठा है और मैं यहां बैठा हूं। इस मुद्दे पर मैं पहले ही जवाब दे चुका हूं। इसमें कोई राजनीतिक रोटी सेंकना चाहता है तो मैं इतना ही जवाब दूंगा।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने यूपी राज्यसभा सीट से दिया इस्तीफा, हाल ही में मध्य प्रदेश से चुने गए हैं निर्विरोध
हरदीप पुरी गो बेक के नारे लगाने वाले एनएसयूआई नेता व साथी को किया गिरफ्तार, जमानत पर छोड़ास्कूल आफ कामर्स मे आयोजित कार्यक्रम में दोपहर दो बजे केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के कार से पहुंचने के दौरान एनएसयूआई के एक नेताओं ने हाथ में केंद्रीय मंत्री का फोटो लेकर हरदीप पुरी गो बैक के नारे लगाए।
ये नेता केंद्रीय मंत्री का नाम एपस्टीन फाइल में आने के बावजूद यूनिवर्सिटी के आयोजन में शामिल होने का विरोध कर रहे थे। इस पर मौके पर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने उन्हें पकड़ा। पुलिस ने मौके स एनएसूयआई के जिला अध्यक्ष विक्रम सचान व उनके साथी ऋषितोष राठौर को पकड़कर भंवरकुंवा थाने ले जाया गया।
दोनों के विरुद्ध पुलिस ने 170 बीएनएसएस की कार्यवाही कर एसीपी जूनी इंदौर की कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। दोनों को 50-50 हजार रुपये की जमानत पेश करने पर छोड़ा गया।
यह भी पढ़ें- गैस सिलिंडर ग्राहक ध्यान दें! 1 दिसंबर से बदलेंगे नियम, अब कनेक्शन और सब्सिडी के लिए होंगे अलग रूल