
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन में मतांतरण की साजिश का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र से दो दिन पहले लापता 15 वर्षीय किशोरी इंदौर में बुर्का पहने बरामद हुई। किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। हिंदू जागरण मंच ने 'ग्रूमिंग लव जिहाद' के आरोप लगाए हैं। किशोरी के मोबाइल चैट में भी इसके साक्ष्य मिले हैं। उसकी मुस्लिम सहेलियों की भी अपराध में भूमिका सामने आई है।
उज्जैन पुलिस के अनुसार, आगर रोड क्षेत्र में रहने वाली हिंदू किशोरी को बेगमबाग कालोनी निवासी 19 वर्षीय साहेब उर्फ छोटू उर्फ ईमान लाला बहला-फुसलाकर ले गया था। इस साजिश में किशोरी की मुस्लिम सहेलियों, आरोपित साहेब लाला के स्वजन और इंदौर निवासी आकिब ने सहयोग किया। किशोरी को बहला-फुसलाकर साहेब इंदौर ले गया और वहां दो दिन आजाद नगर क्षेत्र में अपने रिश्तेदार आकिब के ही घर में रखा। किशोरी वहां पूरे समय बुर्के में रही। पुलिस ने सीसीटीवी सहित अन्य माध्यमों से किशोरी की खोजबीन की, तो उसके इंदौर में होने की जानकारी मिली।
किशोरी इंदौर में बुर्का पहने बरामद हुई। उसके बयान के आधार पर सामने आया है कि प्रेम जाल में फंसाकर मतांतरण की साजिश थी। दुष्कर्म भी किया गया। चिमनगंज थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि मुख्य आरोपित साहेब उर्फ छोटू और उसके साथी आकिब खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। किशोरी की सहेलियों पर भी कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने उसे बहला-फुसलाकर साजिश की। आरोपितों के स्वजन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि छह महीने पहले अहमद नगर निवासी एक अन्य मुस्लिम नाबालिग लड़के ने पीड़ित किशोरी को बहलाया-फुसलाया था, बाद में उसे छोड़ दिया। वर्तमान केस में आरोपित साहेब लाला उसी लड़के का दोस्त है। पुलिस ने नाबालिग लड़के से पूछताछ की है। उस पर भी कार्रवाई संभव है।
जांच में सामने आया है कि पीड़िता की मुस्लिम सहेलियों ने उसका ब्रेनवाश किया था। इस बारे में पुलिस को मोबाइल पर मैसेज पर भी मिले हैं। इस तरह साजिशन किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से ले जाया गया और मतांतरण के लिए उकसाया गया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बड़ी लापरवाही... नर्मदा जल की लाइन में जोड़ दी ड्रेनेज, गंदे पानी से प्यास बुझा रहे थे रहवासी
जिस तरह से हिंदू लड़कियों को मुस्लिम लड़कों द्वारा बहला फुसलाकर उनसे दुष्कर्म और उनके मतांतरण के मामले सामने आ रहे हैं। उससे ऐसे अपराधों को संगठित रूप से संचालित करने के संकेत साफ दिख रहे हैं। हिंदूवादी संगठनों ने इस मामले में ग्रूमिंग लव जिहाद का आरोप लगाया है।
बता दें कि ग्रूमिंग लव जिहाद संगठित तरीके से किया जाना वाला अपराध है। किसी नाबालिग लड़की को धीरे-धीरे मानसिक रूप से तैयार कर उसका यौन, आर्थिक और भावनात्मक शोषण किया जाता है। इसके बाद में मतांतरण कराया जाता है। इस अपराध में और इसकी साजिश में कई लोग शामिल होते हैं।