इंदौर के रंगपंचमी उत्सव में दिखा भागीरथपुरा कांड का असर, नेताओं के बगैर निकली गेर
संगम कार्नर की गेर में हर साल मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, विधानसभा क्षेत्र दो के अन्य नेताओं के साथ शामिल होते थे, लेकिन इस बार वे भ ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 09 Mar 2026 08:27:26 AM (IST)Updated Date: Mon, 09 Mar 2026 09:30:00 AM (IST)
इंदौर रंगपंचमी उत्सव में शहर को कोई बड़े नेता नजर नहीं आए।HighLights
- यात्रा में विधायक मालिनी गौड़ शामिल होती थीं, लेकिन इस साल वे भी नजर नहीं आईं
- महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चार दिन पहले ही घोषणा कर दी थी कि वे गेर में शामिल नहीं होंगे
- इसके पहले मल्हारगंज चौराहे पर बजरबट्टू सम्मेलन को भी कैंसल कर दिया गया था
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। भागीरथपुरा कांड का असर इंदौर की गेर पर भी नजर आया। हर साल गेर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल होते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। गेर में न महापौर नजर आए, न महापौर परिषद के सदस्य। नगर निगम की गेर जरूर निकली, लेकिन इसकी कमान जनप्रतिनिधियों के बजाय अधिकारियों ने संभाल रखी थी।
संगम कार्नर की गेर में हर साल मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, विधानसभा क्षेत्र दो के अन्य नेताओं के साथ शामिल होते थे, लेकिन इस बार वे भी दिखाई नहीं दिए। विधानसभा क्षेत्र चार से निकलने वाली हिंद रक्षक राधा-कृष्ण फाग यात्रा में विधायक मालिनी गौड़ शामिल होती थीं, लेकिन इस साल वे भी नजर नहीं आईं।
महापौर ने पहले ही कर दी थी घोषणा
दरअसल, भागीरथपुरा कांड के बाद जनप्रतिनिधियों ने रंगपंचमी के आयोजन से खुद को दूर कर लिया था। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चार दिन पहले ही घोषणा कर दी थी कि हर साल की तरह इस साल निगम की गेर तो निकलेगी, लेकिन भागीरथपुरा कांड के चलते वे इसमें शामिल नहीं होंगे। महापौर की इस घोषणा के बाद एमआइसी सदस्यों ने भी निगम की गेर से दूरी बना ली।
रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर हर साल मल्हारगंज चौराहे पर बजरबट्टू सम्मेलन होता है। मंत्री विजयवर्गीय सालों से इस आयोजन में शामिल होते आए हैं, लेकिन इस वर्ष उनके आयोजन में शामिल होने से इंकार के बाद आयोजकों ने आयोजन ही निरस्त कर दिया। इसके बाद ही स्पष्ट हो गया था कि विजयवर्गीय इस वर्ष गेर में शामिल नहीं होंगे।
गेर में बिगड़ी किशोरी और युवक की तबीयत
रंगपंचमी की गेर के दौरान राजवाड़ा क्षेत्र में घबराहट के चलते 16 वर्षीय किशोरी बेहोश हो गई। उसे एंबुलेंस से एमवायएच पहुंचाया गया। गोराकुंड क्षेत्र में युवक की तबीयत बिगड़ गई। उसे भी अस्पताल पहुंचाया गया। डाक्टरों ने बताया कि गर्मी के कारण घबराहट होने से इन्हें चक्कर आ गया था। अभी दोनों स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 10 एंबुलेंस तैनात की गई थीं।
यह भी पढ़ें : इंदौर में रंगपंचमी उत्सव के बाद सिर्फ 34 मिनट में चकाचक कर दिया राजवाड़ा और गेर मार्ग