इंदौर में घर की देहरी पर खड़े आठ वर्षीय मासूम के सिर को टैंकर ने कुचला, मौके पर मौत
इंदौर की निरंजनपुर बस्ती में तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने आठ वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। मौके पर ही मौत हो गई। चालक फरार है, स्वजन ने सख्त कार्रवाई की म ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 08:08:19 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 08:16:13 AM (IST)
इंदौर में दर्दनाक हादसा। (फाइल फोटो)HighLights
- इंदौर की निरंजनपुर बस्ती में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा।
- तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने आठ वर्षीय कार्तिक को कुचला।
- टैंकर का पहिया सिर से गुजरने से मौके पर ही मौत।
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित निरंजनपुर बस्ती में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। संकरी गली में तेज रफ्तार से गुजर रहे एक निजी पानी के टैंकर ने आठ साल के मासूम को कुचल दिया। टैंकर का पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद से इलाके में गुस्से और शोक का माहौल है। स्वजन और स्थानीय लोगों ने चालक की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घर की देहरी पर खड़ा था मासूम
- जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह करीब सात बजे हुआ। निरंजनपुर बस्ती की संकरी गली में रहने वाला आठ वर्षीय कार्तिक पुत्र बनवारी भांड अपने घर की देहरी पर खड़ा था। उसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक निजी पानी के टैंकर (ट्रैक्टर) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर का पहिया सीधे बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना इतनी भयावह थी कि जिसने भी यह दृश्य देखा उसकी रूह कांप गई। स्थानीय लोगों ने चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेजी से टैंकर लेकर मौके से फरार हो गया। देर से पहुंची एफआरवी
- हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन स्वजन का आरोप है कि पुलिस मौके पर देर से पहुंची। काफी देर बाद पुलिस की एफआरवी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया।
- लसूड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है, हालांकि देर रात तक आरोपी का पता नहीं चल पाया था।
राजस्थान से रोजी-रोटी की तलाश में आया था परिवार
- मृतक कार्तिक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसका परिवार राजस्थान के झालावाड़ जिले के ग्राम जगपुरा का रहने वाला है। करीब एक साल पहले बेहतर रोजी-रोटी की तलाश में परिवार इंदौर आया था और निरंजनपुर बस्ती में झोपड़ी बनाकर रह रहा था।
कार्तिक के पिता बनवारी मजदूरी के साथ-साथ ढोलक बजाने का काम करते हैं। बेटे की अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे को खोकर बदहवास मां-बाप
- बेटे की मौत के बाद मां आलोड़ी और पिता बनवारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार अपने बेटे को याद कर रही है। वह कहती है कि घर में हर समय कार्तिक की आवाज गूंजती रहती थी, लेकिन अब वह आवाज कभी नहीं सुनाई देगी।
- स्वजन का कहना है कि वे अपने बच्चों का भविष्य संवारने के लिए गांव से इंदौर आए थे, लेकिन लापरवाह टैंकर चालक ने उनका सब कुछ छीन लिया। परिवार ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस पर भी उठे सवाल
- मृतक के स्वजन ने पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जब उन्होंने मौके पर मौजूद एसआइ मनोज हिरवे से टैंकर चालक को पकड़ने की मांग की, तो उन्होंने सुनने की बजाय उन्हें फटकार लगाकर भगा दिया।
- स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में बड़ी संख्या में निजी टैंकर आते-जाते हैं और तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद न प्रशासन और न ही पुलिस ने कभी इन टैंकरों पर लगाम लगाने की कोशिश की।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
- घटना के बाद बस्ती के लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने टैंकरों की रफ्तार और आवाजाही पर नियंत्रण किया होता, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
- स्थानीय लोगों और स्वजन ने मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।