
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। हादसों के बावजूद शहर में अग्नि दुर्घटनाओं को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही। मंगलवार को नगर निगम की टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में होटल, व्यवसायिक भवन, मॉल, रेस्टारेंट की जांच की तो चौकाने वाली जानकारी सामने आई।
कुछ होटलों में बेसमेंट में किचन चल रहा था तो कहीं छत पर खाना परोसा जा रहा था। कहीं अग्निशमन यंत्र नहीं मिले। जहां मिले भी तो चलने की स्थिति में नहीं थे। नगर निगम की टीम ने 10 होटल, चार व्यवसायिक भवन, विजय नगर क्षेत्र स्थित मंगल सिटी मॉल और एक रेस्टारेंट सील कर दिया। इन सभी से व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कहा गया है।
ग्रीष्म ऋतु में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए निगम के फायर विभाग और भवन अनुज्ञा शाखा द्वारा शहर के विभिन्न व्यावसायिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों एवं होटलों में फायर सुरक्षा संबंधी सर्वे किया जा रहा है। निगम की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवसायिक संस्थानों में पहुंचकर फायर सुरक्षा के साधनों की जांच कर रही है।
नगर निगम अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि जिन स्थानों पर लोगों की ज्यादा आवाजाही रहती है प्रयास किया जा रहा है कि पहले चरण में इन स्थानों की जांच पूरी कर ली जाए। नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा के भवन अधिकारी, भवन निरीक्षक ऐसे स्थानों पर पहुंचकर संस्थानों से अग्नि सुरक्षा व्यवस्था लगाने कार्य करवा रहे हैं। जिन भवन में अग्नि सुरक्षा उपकरण नहीं लगे हैं या जहां उपकरण बंद है उन भवन स्वामियों और संस्थान संचालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
एक निश्चित समय सीमा में व्यवस्था सुधारने के लिए कहा जा रहा है। जिन भवनों में नोटिस के बावजूद व्यवस्थाएं सुधर नहीं रही उन्हें सील किया जा रहा है। फायर अधिकारी विनोद मिश्रा ने बताया कि जिन भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं है या सुरक्षा उपकरण बंद पाए गए हैं ऐसे 32 भवन पूर्व में सील किए जा चुके हैं। मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 10 होटल, चार व्यवसायिक भवन, एक रेस्टोरेंट और एक माल सील किया गया।
मंगलवार को नगर निगम ने त्रिवाना होटल, होटल उपाध्याय, होटल सनशाइन, मंगल सिटी माल, वजीरो कोचिंग, रक्षा अकादमी, द इंग्लिश अकादमी, सूकून रेस्टारेंट एंड होटल, आर्बिट माल, रेस्टारेंट अलकसीम, होटल अशोका, होटल आकाश, होटल न्यू विशाल, होटल भगवती पैलेस, होटल चंद्रलोक, होटल नीलकमल, होटल क्राउन और होटल बीआर ग्रीन के विरुद्ध कार्रवाई की गई।