
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जिले में मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। मतदाताओं को मतदान में सुविधा रहे और कतार में कम समय खड़ा रहना पड़े, इसके लिए पोलिंग बूथों की संख्या बढ़ाई गई है। युक्तियुक्तकरण के तहत जिले में 585 पोलिंग बूथ बढ़ाए गए हैं। अब जिले के 24 लाख 86 हजार 996 मतदाताओं के लिए 3210 पोलिंग बूथ हो गए हैं। यह पोलिंग बूथ 1443 भवनों में बनाए गए हैं। इसमें 20 भवन ऐसे हैं, जहां एक साथ छह पोलिंग बूथ रहेंगे। जिले में एक मतदान केंद्र वाले भवनों की संख्या 633 है।
एसआइआर प्रक्रिया से पहले जिले में 28.67 लाख मतदाता और 2625 पोलिंग बूथ थे। निर्वाचन आयोग द्वारा एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता के नियम के कारण जिले में पोलिंग बूथों की संख्या में बढ़ोतरी की गई। एसआइआर प्रक्रिया के दौरान पोलिंग बूथ की संख्या बढ़ाकर 3210 की गई है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में 904 और शहरी क्षेत्र में 2316 मतदान केंद्र हो गए हैं। मतदान केंद्र बढ़ने के साथ ही अंतिम मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं को मतदान केंद्रवार विभाजित कर दिया गया है। यह प्रक्रिया पूरी कर राजनीतिक पार्टियों को भी जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अवगत कराया गया है।
जिले के शहरी क्षेत्र में सर्वाधिक 1045 भवन हैं, जहां पर 2316 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के 398 भवनों में 904 पोलिंग बूथ बनाए हैं। शहरी क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र इंदौर-1 से इंदौर-5 तक में एक भी ग्रामीण बूथ नहीं है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की विधानसभा देपालपुर, सांवेर, राऊ और महू में शहरी और ग्रामीण दोनों पोलिंग बूथ शामिल हैं।
जिले में बनाए गए पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से कम रखने का प्रयास किया गया है, लेकिन तीन पोलिंग बूथ ऐसे हैं, जहां पर अभी भी संख्या अधिक है। यह पोलिंग बूथ राऊ विधानसभा में हैं। इसमें दो पर 1300 के करीब और एक पर 1500 से अधिक मतदाता हैं। इस संख्या को अब आगे कम किया जाएगा। वहीं 3126 पोलिंग बूथ ऐसे हैं, जहां पर 301 से 1100 मतदाता संख्या है। वहीं 6 पोलिंग बूथ पर 300 से कम मतदाता हैं।
विधानसभा- पुराने बूथ - बढ़ोतरी - फाइनल बूथ
देपालपुर- 288 - 70 - 358
इंदौर-1 - 325 - 62 - 387
इंदौर-2 - 315 - 43 - 358
इंदौर-3 - 194 - 08 - 202
इंदौर-4 - 219 - 107 - 326
इंदौर-5 - 362 - 75 - 437
महू - 281 - 81 - 362
राऊ - 326 - 73 - 399
सांवेर - 315 - 66 - 381
कुल - 2625 - 585 - 3210