
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कृषि कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में छह बसों के जलकर खाक होने की घटना ने शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में उपयोग हो चुकी बसों के रखरखाव और उनकी उपयोगिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डिपो में 150 से ज्यादा बसें खड़ी हैं। इनमें चार्टर्ड बसों के साथ कई सिटी बसें भी शामिल हैं।
वहीं, शहीद पार्क के पास बने डिपो में भी बड़ी संख्या में बसें कबाड़ हो रही हैं। दोनों डिपो में मिलाकर 200 से ज्यादा कबाड़ बसें खड़ी होने की जानकारी है। इनमें करोड़ों रुपये की सार्वजनिक संपत्ति शामिल है, जो उपयोग में आने के बजाय खुले में धूल खा रही है। सवाल ये है कि कब तक डिपो में जनता की गाढ़ी कमाई सड़ती रहेगी?
मंगलवार देर रात दो बजे कृषि कॉलेज डिपो में लगी आग ने इस लापरवाही का दूसरा पहलू भी उजागर कर दिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि डिपो के पास जमा कचरे में आग लगी और तेज हवा के कारण लपटें बसों तक पहुंच गईं। डिपो कर्मचारियों का कहना है कि पिछले डेढ़ महीने से नगर निगम को कचरा उठाने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आग में चार कंडम और दो चालू हालत की सिटी बसें जल गईं। इनकी कीमत तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की बताई गई।
डिपो में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है। बुधवार शाम चार बजे नईदुनिया की टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया था। अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लि. (एआइसीटीएसएल) ने लोहे के शेड बनाकर डिपो तैयार किया है, आपातकालीन स्थिति में आग बुझाने के लिए अग्निशमन उपकरण नजर नहीं आए। आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित है, वाहनों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम दिखाई नहीं दिए। इससे पहले 11 जून 2026 को भी इसी डिपो में खड़ी एक बस में आग लगी थी और वह पूरी तरह जल गई थी। सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। अब छह बसों के जलने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं।
इन बसों को दोबारा उपयोग में लाने के बजाय एआइसीटीएसएल ने कुछ कबाड़ बसों को मूविंग टॉयलेट और फूड कार्ट के रूप में विकसित करने की योजना बनाई थी। ये प्रयोग भी सफल नहीं हो सके। नतीजा यह है कि बसें डिपो में जगह घेर रही हैं। समय के साथ इनके पुर्जे और अन्य उपयोगी सामग्री भी खराब हो रही है। इनकी बाजार कीमत लगातार घट रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कृषि कॉलेज के पास चार्टर्ड बस डिपो में लगी आग, 4 से 5 बसें जलीं
नई खरीद, पुरानी अनदेखी : मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत नई बसों की खरीदी जारी है, जबकि सैकड़ों पुरानी बसें डिपो में कबाड़ हो रही हैं। इनके उपयोग, मरम्मत या नीलामी पर फैसला नहीं।
जवाबदेही किसकी? : कृषि कॉलेज और शहीद पार्क डिपो की बसों की स्थिति, वर्तमान कीमत व निस्तारण की समयसीमा तय हो। कितनी बसें फिर सड़क पर उतर सकती हैं और कितनी नीलाम होंगी, इसका हिसाब सार्वजनिक किया जाए।
डिपो में खड़ी अधिकांश बसें पुरानी व कबाड़ हो चुकी हैं और उनकी वर्तमान कीमत भी काफी कम रह गई है। ऐसी बसों को ऑपरेटर के माध्यम से स्क्रैप कराया जाएगा। वहीं, जो बसें अभी चालू हालत में हैं, उनका उपयोग किया जा रहा है। पांच बसों में मूविंग टॉयलेट और फूड कार्ट के रूप में उपयोग किया जा रहा है। अर्थ जैन, सीईओ, एआइसीटीएसएल।