इंदौर में शादी सीजन में गैस संकट दूर करने के लिए नई व्यवस्था, केटरर्स और होटलों को तय कोटे से मिलेंगे कमर्शियल सिलिंडर
अक्षय तृतीया के अवसर पर बढ़ते विवाह आयोजनों के बीच गैस सिलिंडर की कमी से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए खाद्य विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 06:46:26 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 06:46:26 PM (IST)
इंदौर में शादी सीजन में सिलिंडर की दिक्कत होगी दूर( फाइल फोटो) नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अक्षय तृतीया के अवसर पर बढ़ते विवाह आयोजनों के बीच गैस सिलिंडर की कमी से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए खाद्य विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। विभाग ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया है कि वे उपलब्ध स्टॉक की राशनिंग करते हुए बीते तीन माह की खपत के आधार पर 10 प्रतिशत सिलिंडर केटररों, होटल, गार्डन और अन्य कनेक्शनधारियों को उपलब्ध कराएं।
क्यों उठाया गया कदम
दरअसल, 18 से 20 तारीख के बीच बड़ी संख्या में विवाह और मांगलिक कार्यक्रम आयोजित होने हैं। ऐसे में कमर्शियल गैस सिलिंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है, ताकि समारोहों में कोई बाधा न आए।
व्यवसायिक उपभोक्ताओं को प्राथमिकता
जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि सभी एजेंसियों को संतुलित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से आयोजन से जुड़े व्यवसायिक उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने को कहा गया है। साथ ही सेल्स ऑफिसरों को भी पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार यदि कोई उपभोक्ता सीधे एजेंसी से संपर्क करता है, तो उसे खाद्य विभाग के चक्कर लगाने के बजाय एजेंसी स्तर पर ही उपलब्धता के अनुसार सिलिंडर दिया जाएगा।
इन परिवारों में कंफ्यूजन
हालांकि इस व्यवस्था से केटररों के माध्यम से भोजन बनवाने वाले परिवारों को राहत मिलेगी, लेकिन वे परिवार अब भी असमंजस में हैं जो खुद सामग्री देकर हलवाई से खाना बनवाते हैं। ऐसे मामलों के लिए अब तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं, जिससे उनकी परेशानी बनी हुई है।