
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। टाइगर श्राफ फायरिंग केस में आरोपित सोनीपत के प्रांजल की गिरफ्तारी के बाद लारेंस गैंग से जुड़े मामलों को लेकर क्राइम ब्रांच सक्रिय हो गई है। विदेश में बैठकर गैंग संचालित करने वाले गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करवाने की तैयारी है। इंदौर में फिरौती मांगने से जुड़े चार एफआईआर क्राइम ब्रांच और तुकोगंज थाना में दर्ज हैं। सभी मामलों में हैरी बॉक्सर को आरोपी बनाया गया है।
एडीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार, इन मामलों की जांच के लिहाज से हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी अहम है। उसे पकड़ने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी करवाया जा रहा है। इससे उसकी विदेश से भारत आने-जाने की गतिविधियों पर नजर रखने और उसके देश पहुंचने पर संबंधित एजेंसियों को सूचना देने में मदद मिल सकती है।
हैरी बॉक्सर ने विदेशी नंबरों से खुद फोन कर जमीन कारोबारी विवेक दम्मानी, कुंवरसिंह, संजय जैन और एक अन्य कॉलेज संचालक से रुपये मांगे थे। पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
यह भी पढ़ें- MP में बिश्नोई गैंग : रेकी, धमकी और फायरिंग के लिए बनी थीं अलग-अलग टीमें, STF को सौंपे जा सकते हैं बाकी मामले
मुंबई क्राइम ब्रांच ने टाइगर श्राफ फायरिंग मामले में आरोपित प्रांजल को रविवार को कोर्ट में पेश किया। जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए छह दिन की पुलिस रिमांड मांगी है। फायरिंग की घटना से जुड़े आरोपितों और हथियारों की व्यवस्था में प्रांजल की भूमिका रही है। वह पांच दिन से इंदौर में रुका हुआ था। गिरफ्तारी से 15 घंटे पहले उसने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट की थी। इंस्टाग्राम पर उसके हथियारों के साथ फोटो भी अपलोड हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर से जुड़े टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस के तार, पुलिस ने शूटर के साथी प्रांजल को किया गिरफ्तार