इंदौर में घर के फ्रीजर से 124 किलो पनीर और 44 किलो घी जब्त, गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर खाद्य विभाग की कार्रवाई
इंदौर के विनोबा नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने घर के फ्रीजर से 124 किलो पनीर और 44 किलो घी जब्त किया। गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर नमूने जांच भेजे।
Publish Date: Fri, 14 Aug 2026 09:53:49 PM (IST)Updated Date: Fri, 14 Aug 2026 09:53:49 PM (IST)
इंदौर में घर के फ्रीजर से 124 किलो पनीर और 44 किलो घी जब्त। (नईदुनिया)HighLights
- घर के फ्रीजर से 124 किलो पनीर बरामद हुआ शुक्रवार।
- जांच में 44 किलो घी भी संदिग्ध मिला है।
- खाद्य विभाग ने पनीर और घी के नमूने लिए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में बाहर से कथित तौर पर निम्न गुणवत्ता का पनीर और घी मंगाकर बेचने के मामले में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कार्रवाई की है। विनोबा नगर में एक घर के फ्रीजर से 124 किलो पनीर और 44 किलो घी मिला। जांच में गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर विभाग ने पनीर और घी के नमूने लिए। वहीं जांच रिपोर्ट आने तक पनीर और घी कुल 168 किलो खाद्य पदार्थ जब्त कर लिया गया।
घर के फ्रीजर में मिला भारी मात्रा में पनीर और घी
- खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को पत्रकार चौराहा के पास विनोबा नगर स्थित अंकित मेवाड़ा के निवास पर औचक निरीक्षण किया। विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम रसुलपुरा, जिला सीहोर निवासी मेवाड़ा बाहर से पनीर और घी मंगवाकर इंदौर में इसकी बिक्री कर रहे हैं।
टीम ने घर की जांच की तो फ्रीजर में बड़ी मात्रा में पनीर और घी रखा मिला। पूछताछ में मेवाड़ा ने बताया कि वह इंदौर शहर में घूम-घूमकर इन खाद्य पदार्थों की बिक्री करते हैं। इसके बाद अधिकारियों ने पनीर और घी की गुणवत्ता को लेकर मौके पर ही नमूने लिए। दोनों नमूने जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
विभाग ने पनीर और घी को जांच रिपोर्ट आने तक जब्त रखा है। खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाते हैं तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहर से खाद्य पदार्थ लाकर शहर में बेचने और सप्लाई करने वालों पर निगरानी जारी रहेगी।