
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में गहराते जल संकट और भविष्य में पानी की उपलब्धता को लेकर बढ़ती चुनौतियों के बीच एमजीएम मेडिकल कॉलेज अपने अधीन आने वाले सभी अस्पतालों, हॉस्टल और कॉलेजों में वाटर मैनेजमेंट सिस्टम योजना पर काम शुरू करने जा रहा है। इसके तहत पानी की खपत को नियंत्रित करने, पानी की बर्बादी रोकने और उपलब्ध जल संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
इस योजना के अंतर्गत एमजीएम मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित 8 अस्पतालों, 17 हॉस्टलों एवं 4 कॉलेजों में जल प्रबंधन की व्यवस्था को मैनेज करने पर कार्य किया जाएगा। इससे भविष्य में कम बारिश की स्थिति होने पर भी जल संकट से बचा जा सके।
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत आने वाले संस्थानों में प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोगों को पानी की आपूर्ति की जाती है। अस्पतालों में लगभग 3000 बिस्तरों पर मरीज भर्ती रहते हैं। इसके अतिरिक्त डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, कर्मचारियों, मेडिकल विद्यार्थियों, मरीजों एवं उनके परिजनों को भी प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है।
एमजीएम डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि जल संकट को देखते हुए हम अभी से पानी के बेहतर प्रबंधन और संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाने का प्रयास कर रहे हैं। हम अस्पतालों में लगे बड़े आरओ प्लांट से निकलने वाले पानी का दोबारा उपयोग करने को लेकर योजना बना रहे हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में MGM मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट की सुरक्षा में सेंध, 15 मिनट तक दिखी अश्लील वीडियो, डीन का हैकिंग से इनकार
वाटर मैनेजमेंट सिस्टम सही ढंग से लागू हो इसके लिए जागरुकता एक बड़ा पहलू है। इसी कड़ी में डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, मेडिकल स्टाफ, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों एवं उनके परिजनों को प्रबंधन द्वारा जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दो साल बाद भी इंदौर को यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर शुरू होने का इंतजार