
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। बाइक सवार बदमाशों ने दो महिलाओं को आंख में मिर्ची झोंक कर लूट लिया। महिलाएं मॉर्निंग वॉक कर घर की ओर लौट रही थीं। वारदात के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज और संदेहियों को तलाश रही है।
शनिवार को ही पुलिस ने कांबिंग गश्त में 1458 बदमाशों को पकड़ने का दावा किया था। हालांकि इसके बाद भी लूट और चोरी में कोई कमी नहीं आई। घटना शनिवार सुबह छह बजे तलावली क्षेत्र की है।
स्मार्ट होम्स (तलावली) निवासी 66 वर्षीय अमिता श्रीवास्तव और सविता हरलालका के साथ वारदात हुई। दोनों महिलाएं मॉर्निंग वॉक करने के लिए निकली थीं। जैसे ही तालाब के समीप पहुंची, एक बाइक आकर रुकी।
दो पुरुष और एक महिला बैठी हुई थी। महिला और एक युवक नीचे उतरे और उन्होंने सविता से बायपास का पता पूछा। दोनों ने महिलाओं को कुछ देर बातों में उलझा कर रखा और तभी बाइक पर बैठे युवक ने उनकी आंखों में मिर्ची झोंक दी।
युवक और महिला ने सविता से करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली। उनके समीप ही खड़ी अमिता की तरफ भी मिर्च पाउडर फेंका और सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। महिलाएं समझ नहीं पाईं और बदमाश टाटा ग्रीन की तरफ से बायपास निकल गए।
अचानक हुए घटनाक्रम से महिलाएं बुरी तरह घबरा गईं और कुछ देर बैठी रहीं। मार्निंग वाक करने वाले अन्य लोगों के आने पर घटना बताई और उनके साथ घर पहुंची। सविता ने बेटे उदित को पूरी घटना बताई और थाने जाकर रिपोर्ट की।
उदित के अनुसार उनकी मां के पास डंडा भी था। उन्होंने जैसे ही डंडा घुमाया, बदमाशों ने धक्का देकर नीचे गिरा दिया। सविता संभल नहीं पाईं और उनके हाथ में चोट लग गई। उन्होंने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी लेकिन सुबह का वक्त होने के कारण कोई नहीं आया। बाद में लोग एकत्र हुए पर बदमाश भाग चुके थे। पुलिस को आरोपितों के सीसीटीवी फुटेज मिल चुके हैं।
पुलिस ने शनिवार को कांबिंग गश्त में 1458 बदमाशों को चेक करने का दावा किया है। हालांकि चेकिंग में कुछ खास सफलता नहीं मिली है। न तो शातिर अपराधी हाथ लगे न घातक हथियार मिले। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में 205 वाहन चालकों को पकड़ा गया है जो शराब के नशे में थे। उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। छह को चाकू के साथ पकड़ा गया है। पुलिस ने शैडो एरिया और हाट स्पाट की चेकिंग का भी दावा किया है।
द्वारकापुरी पुलिस ने चेन लूटने वाली गैंग के तीन सदस्यों को पकड़ा है। गिरोह में एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने लुटेरों से चेन खरीदने वाले दुकानदार को भी आरोपित बनाया है। पुलिस ने चेन, पैंडल और चोरी का स्कूटर जब्त किया है। पुलिस के अनुसार महिला के साथ लूट की वारदात हुई थी।
पुलिस ने 200 से ज्यादा स्थानों से सीसीटीवी फुटेज निकाले और आरोपित अभिराज उर्फ अनुराग सुनहरे निवासी भागीरथपुरा, अभिषेक विश्वकर्मा निवासी गुरुशंकर नगर और एक नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में बताया महिला से लूटी चेन को शुभम रैकवार निवासी नंदानगर बेची थी। पुलिस ने शुभम को भी गिरफ्तार किया।