
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 और 60 में फिर सियासी रणभेरी बज गई है। रिक्त दो पार्षद सीटों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 29 सितंबर को मतदान होगा और तीन अक्टूबर को मतगणना होगी। अधिसूचना आठ सितंबर को जारी होगी और इसी दिन से नामांकन शुरू होंगे। प्रत्याशी 15 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
16 सितंबर को जांच होगी और 18 सितंबर तक नाम वापसी का मौका रहेगा। वार्ड 58 के पार्षद अनवर कादरी को पद से हटाए जाने और पांच साल के लिए अयोग्य घोषित किए जाने के बाद सीट रिक्त हुई थी। तत्कालीन संभागायुक्त सुदाम खाड़े ने कार्रवाई की थी। वहीं, वार्ड 60 में पार्षद सुनेहरा अंसारी का निर्वाचन न्यायालय द्वारा निरस्त होने से सीट खाली हुई है।
हाल ही में नगर निगम की मतदाता सूची तैयार हुई है। दोनों वार्डों में कुल 34,436 मतदाता हैं। वार्ड 58 में 18,742 और वार्ड 60 में 15,694 मतदाता हैं। उपचुनाव की घोषणा के साथ ही दावेदार सक्रिय हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में लव जिहाद की फंडिंग करने वाले अनवर कादरी की पार्षदी समाप्त, 5 साल के लिए अयोग्य घोषित