नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण स्कूलों में 6 सितंबर शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा अवकाश की घोषणा की गई है। यह आदेश सभी शासकीय, अशासकीय, शिक्षण संस्थाओं में लागू होगा।
नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों की शनिवार को छुट्टी रहेगी। स्कूल शिक्षा विभाग की डीईओ शांता स्वामी ने बताया कि लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए अवकाश की घोषणा की गई है, ताकि बरसात में होने वाली समस्या से विद्यार्थियों को बचाया जा सके।
जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जिले के सभी शासकीय अशासकीय, शिक्षण संस्थाओं में 6 सितंबर शनिवार को अवकाश रहेगा। कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा अवकाश की घोषणा की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग डीईओ शांता स्वामी द्वारा आदेश जारी किए जा रहे हैं। अवकाश नर्सरी से कक्षा 12वीं तक रहेगा।
शुक्रवार को सुबह शहर में हल्की फुहांरे बरसीं, वहीं दोपहर बाद तेज बौछारों ने समा बांधा। इसके प्रभाव से बीआरटीएस, बंगाली चौराहा, पत्रकार कॉलोनी सहित शहर की कई सड़कों व चौराहों पर जल जमाव की स्थिति दिखाई दी। एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर रात 8.30 बजे तक 45.1 मिमी वर्षा दर्ज हुई। रीगल क्षेत्र में शाम 7.30 बजे तक 31 मिमी वर्षा दर्ज हुई। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक इंदौर में शानिवार को हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
दिन में जहां रूक रूककर हल्की वर्षा होगी, वही कुछ समय के लिए वर्षा की तेज बौछारे भी शहरवासियों को तरबतर करेगी। शनिवार शाम को शहर में भी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। ऐसे में इंदौर में अनंत चौदस पर निकलने वाली झांकियों के दौरान वर्षा होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में इस झांकियों के चल समारोह देखने जाने वालों को वर्षा में भीगते हुए इस ऐतिहासिक परंपरा का आनंद लेना होगा।
शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले तीन माह से इंदौर जहां अब तक की औसत वर्षा के आंकड़े से दूर था। वही सितंबर के पहले सप्ताह में हुई वर्षा से बीते तीन माह में हुई कम वर्षा की भरपाई हुई।
इंदौर में शनिवार रात 8.30 बजे तक 854.3 मिमी वर्षा दर्ज हो चुकी है। ऐसे मानसून सीजन की वर्षा का औसत पूरा करने के लिए इंदौर में अभी 74.9 मिमी वर्षा की जरुरत है। ऐसे में सितंबर दूसरे सप्ताह में औसत वर्षा का कोटा पूरा होने की संभावना जताई है।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में एक सुस्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी मप्र व पूर्वी राजस्थान पर बना हुआ है। यह उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। यह 7 सितंबर को अवदाब क्षेत्र में बदलेगा और दक्षिण राजस्थान व गुजरात पर पहुंच जाएगा। इसके प्रभाव से इंदौर में अगले तीन से चार दिन तक हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।