इंदौर में MP SET 2025 की तैयारी तेज, 100 केंद्रों पर 38000 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 45 मिनट पहले मिलेगी एंट्री
इंदौर में एक मार्च को आयोजित होने वाली राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2025 की तैयारियां तेज हैं। जिले के 100 स्कूलों व कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गय ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 25 Feb 2026 06:40:44 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Feb 2026 06:40:44 PM (IST)
इंदौर में 100 केंद्रों पर होगी सेट परीक्षा (सांकेतिक तस्वीर)नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर में आगामी एक मार्च को आयोजित होने वाली राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2025 की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। यह परीक्षा मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा ऑफलाइन पद्धति से आयोजित की जाएगी। जिले के 100 शासकीय और अशासकीय स्कूलों व कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां पर कुल 38 हजार 144 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा दोपहर 12 से 3 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा समन्वयक अधिकारी संभागायुक्त डा. सुदाम खाड़े को बनाया है। परीक्षा के संचालन के लिए संभागायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उपायुक्त राजस्व एवं प्रभारी परीक्षा अधिकारी सपना एम लोवंशी ने बैठक में बताया कि परीक्षा के दौरान तय मापदंडों का पूरा पालन किया जाएगा।
सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, बिजली आदि बुनियादी सुविधाएं की गई है। परीक्षा पूर्व सभी पर्यवेक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षार्थी को वही सेट मिले जो उनके लिए निर्धारित है। बैठक में प्रशिक्षक डा डीके गुप्ता सहित समस्त परीक्षा केन्द्रों के सहायक परीक्षा अधिकारी शामिल थे।
45 मिनट पहले प्रवेश मिलेगा
बैठक में प्रभारी परीक्षा अधिकारी सपना एम लोवंशी ने बताया कि प्रश्नपत्र बहुवैकल्पिक प्रश्नों पर आधारित होगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश केवल प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर मिलेगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले ओएमआर शीट और 11:55 बजे प्रश्नपत्र वितरित किया जाएगा। परीक्षार्थियों को निर्धारित स्याही वाला पेन, स्वयं का फोटो और पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति रहेगी।
यह भी पढ़ें- MP SET के आवेदन की प्रक्रिया खत्म, सवा लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, दिसंबर में जारी होंगे एडमिट कार्ड
यह सामग्री रहेगी प्रतिबंधित
परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, डिजिटल घड़ी, धातु की वस्तुएं और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। जूते-मोजे पहनकर प्रवेश भी वर्जित रहेगा। पेन्सिल, रबर, व्हाइटनर, क्लेचर, चाबी, लाइटर, माचिस, ब्लेड सहित अन्य सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी।