
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रिंग रोड पर निर्माणाधीन मूसाखेड़ी फ्लाईओवर की तय समय-सीमा नजदीक आ गई है, लेकिन अभी करीब 15 फीसदी काम बाकी है। फ्लाईओवर की दोनों भुजाओं को जोड़ने का काम चल रहा है। इस हिस्से का निर्माण पूरा होने में करीब दो से तीन महीने लग सकते हैं।
इसके बाद दोनों तरफ सर्विस रोड की मरम्मत और निर्माण का काम किया जाएगा। ऐसे में अब दिसंबर तक फ्लाईओवर से वाहनों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
67 करोड़ रुपये की लागत से मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) द्वारा यह फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। करीब 780 मीटर लंबे और छह लेन के इस फ्लाईओवर को सिंगल पिलर डिजाइन पर तैयार किया जा रहा है।
परियोजना का काम मार्च 2026 तक पूरा होना था, लेकिन तकनीकी कारणों और अन्य बाधाओं के चलते निर्माण की रफ्तार प्रभावित हुई। इसके बाद समय-सीमा बढ़ाकर 30 अक्टूबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।
फ्लाईओवर के दोनों तरफ पिलर का निर्माण पूरा होने के बाद गर्डर लॉन्चिंग का काम किया गया। इसके बाद जुलाई के पहले सप्ताह से स्लैब डालने का काम शुरू हुआ। अब फ्लाईओवर की दोनों भुजाओं को बीच के हिस्से से जोड़ने का काम चल रहा है।
यह काम पूरा होने के बाद सर्विस रोड को व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि फ्लाईओवर पर यातायात शुरू होने के साथ नीचे की सड़क पर भी वाहनों की आवाजाही सुचारु रह सके। एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक गगन भांभर का कहना है कि निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है और दिसंबर तक फ्लाईओवर से ट्रैफिक शुरू करने का लक्ष्य है।