

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : जिंसी क्षेत्र के रहवासी आज भी अधूरी सड़क की कैद में हैं। नगर निगम ने दावा किया था कि 15 अगस्त से पहले इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सड़क अभी भी अधूरी है। वाहन आसपास की गलियों में गुत्थम-गुत्था हो रहे है।
करीब एक पखवाड़े पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल सहित अन्य अधिकारियों ने इस सड़क का निरीक्षण करने के बाद एजेंसी को काम में तेजी लाने और 15 अगस्त तक काम पूरा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इस क्षेत्र में मास्टर प्लान की दो अन्य सड़कों का काम भी चल रहा है। ये सड़कें भी अधूरी हैं। रहवासी परेशान हो रहे हैं।
जिंसी चौराहा से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बन रही इस सड़क की चौड़ाई को लेकर लंबे समय तक विवाद चलता रहा। मास्टर प्लान में यह सड़क 80 फीट चौड़ी है, लेकिन रहवासियों के विरोध के बाद नगर निगम ने इसे 60 फीट बनाने का निर्णय लिया। तोड़फोड़ को लेकर भी विवाद हुआ।
अंतत: जब काम शुरू हुआ तो निगम ने आश्वासन दिया था कि इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। शुरूआती एक सप्ताह काम तेजी से चला भी, लेकिन इसके बाद शुरू हुई सुस्ती अब तक जारी है। 27 जुलाई 2026 को महापौर और निगमायुक्त ने इस सड़क का निरीक्षण कर काम में तेजी लाने और हर स्थिति में 15 अगस्त तक आवागमन शुरू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद काम पूरा नहीं हुआ।
सड़क पर आवागमन शुरू नहीं होने की वजह से निर्माणाधीन सड़क से लगी गलियों के रहवासी खासे परेशान हैं। दिनभर इन गलियों में वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। वाहन गुत्थम-गुत्था होते रहते हैं
यह भी पढ़ें- इंदौर निगम ने छावनी-जिंसी सड़क की चौड़ाई तो घटा दी, पर मास्टर प्लान में अब भी 80 फीट; नक्शे और TDR पर उलझे रहवासी