
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी के खिलाफ ड्रग मामले में जांच चल रही है। इस बीच उनके दूसरे भाई भरत पटवारी भी जांच के दायरे में आ गए। इंदौर पुलिस धोखाधड़ी के मामले में भरत से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्रसिंह रावत के अनुसार ड्रग के साथ गिरफ्तार संजय कौशल और इरफान ने नाना पटवारी का नाम लिया था। इसके बाद धोखाधड़ी की पीड़ित पायल साहनी ने थाने पहुंचकर नाना पटवारी पर शुभम वैली स्थित प्लाट के रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। यह कॉलोनी कालोनाइजर सुमित मंत्री द्वारा विकसित की गई है।
पुलिस ने सुमित से पूछताछ की तो उसने नाना का हस्तक्षेप होने से इन्कार किया। जांच में पता चला कि सुमित की छह फर्में हैं। इनमें से एक फर्म शुभम रियलिटी में जीतू पटवारी के भाई भरत भी शामिल रहे हैं। पुलिस वित्तीय लेनदेन और धोखाधड़ी से संबंधित जानकारी के लिए भरत को बुला रही है। इसी फर्म में पप्पू मंत्री भी पार्टनर रहा है। पुलिस ने उसे भी नोटिस भेजा है।