
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जिले के दूरस्थ और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कालाकुंड ग्राम को अब आदर्श पर्यटक ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए होमस्टे योजना को बेहतर किया जाएगा। शुक्रवार रात आयोजित रात्रि ग्राम चौपाल कार्यक्रम के तहत कलेक्टर शिवम वर्मा कालाकुंड पहुंचे और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास संभावनाओं को समझा। इस दौरान उन्होंने गांव को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात भी दी।
ग्राम चौपाल का आयोजन
सुशासन और संवेदनशील प्रशासन के तहत कालाकुंड में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर ने कालाकुंड की प्राकृतिक वादियों, हरियाली और प्रसिद्ध दूध उत्पाद कलाकंद की विशेष पहचान का उल्लेख करते हुए इसे पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कालाकुंड को आदर्श पर्यटक ग्राम के रूप में विकसित किया जाए और यहां संचालित होमस्टे योजना को अधिक प्रभावी बनाया जाए। ग्रामीणों को प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
आवागमन के लिए बनेगी नई पुलिया
ग्रामीणों की मांगों पर कलेक्टर ने खंडवा रोड से कालाकुंड ग्राम पंचायत तक आवागमन सुगम बनाने के लिए चार नई पुलियाओं के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी भवन निर्माण, चोरल नदी पर स्थित 10 स्टाप डैमों की सफाई कर उनकी जलधारण क्षमता बढ़ाने तथा दो नए तालाबों के निर्माण को मंजूरी दी गई। संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य और जल संरक्षण पर भी फोकस
कलेक्टर ने ग्रामीणों से टीकाकरण, शिक्षा की गुणवत्ता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। चौपाल के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की और ग्राम में संचालित होमस्टे व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।