इंदौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई... मैरिज ब्यूरो की आड़ में ड्रग्स बेच रही महिला तस्कर गिरफ्तार
नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच खजराना पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क के एक अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने एक महिला तस्कर सहित तीन आरोपितों को ग ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 25 Apr 2026 06:25:32 PM (IST)Updated Date: Sat, 25 Apr 2026 06:25:32 PM (IST)
मैरिज ब्यूरो की आड़ में ड्रग्स सप्लाई। (AI से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- मैरिज ब्यूरो की आड़ में ड्रग्स सप्लाई
- महिला-तस्कर और पैडलर गिरफ्तार
- बुर्के की आड़ में तस्करी और ब्लैकमेलिंग
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच खजराना पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क के एक अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने एक महिला तस्कर सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह महिला मैरिज ब्यूरो की आड़ में मादक पदार्थों की सप्लाई कर रही थी। उसके कब्जे से पुलिस ने 15 ग्राम से अधिक एमडी (MD) ड्रग्स जब्त की है। महिला पर व्यापारियों और सभ्रांत परिवार के लोगों को ब्लैकमेल करने का आरोप भी है।
बैक ट्रैकिंग से खुला नेटवर्क का राज
टीआइ मनोज सेंधव के अनुसार, पुलिस ने गुरुवार को रानी पैलेस, गीतानगर (चंदननगर) के अमान शेख को 11 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। अमान ड्रग्स लेकर स्कीम-134 में आया था। पुलिस ने अमान का रिमांड लिया और बैक ट्रैकिंग करते हुए पटेल नगर, पाकीजा रोड क्षेत्र में दबिश दी, जहाँ से फिरदौस पुत्री अब्दुल सत्तार (निवासी डाकतार कालोनी) को गिरफ्तार किया गया।
बुर्के की आड़ में तस्करी और ब्लैकमेलिंग
पूछताछ में सामने आया कि फिरदौस बुर्के की आड़ में एमडी के पाउच ले जाती और सप्लाई करती थी। उसने बताया कि उसे ड्रग्स की सप्लाई चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) निवासी नारायण चौहान द्वारा की गई थी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर नारायण का पीछा किया और उसे भी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। फिरदौस ने बताया कि वह केवल पांचवीं तक पढ़ी है और मैरिज ब्यूरो संचालित करती है, जिसकी आड़ में वह ड्रग्स का धंधा करने लगी थी। फिरदौस पर पहले भी ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज हो चुका है।
नशे की लत और रईस बनने की चाहत
टीआइ के अनुसार, आरोपित खुद भी नशे के आदी हैं। अपनी लत पूरी करने और जल्दी अमीर बनने की चाहत में वे सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। गिरोह का तीसरा सदस्य नारायण 9वीं पास है और खेती करता है। फिलहाल पुलिस आरोपितों के बैंक खातों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की गहन जांच में जुटी है ताकि नेटवर्क के अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके।