
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नेमिनाथ चौराहा से जिंसी चौराहा होते हुए लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक निर्माणाधीन मास्टर प्लान की सड़क की दो लेन 30 अक्टूबर तक आवागमन के लिए खोल दी जाएगी। यह बात निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने मास्टर प्लान की सड़कों की समीक्षा बैठक में कही। बैठक में मास्टर प्लान सड़कों के तीन पैकेजों (एक, दो और चार) की निर्माण एजेंसी, ठेकेदार और कंसल्टेंट शामिल हुए थे।
निगमायुक्त ने कहा कि हमें हर स्थिति में काम समय पर पूरा करना है। नेमिनाथ चौराहा से जिंसी होते हुए लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक दो लेन सड़क निर्माण कार्य 30 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश के साथ ही उन्होंने अन्य सड़क निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने तथा आवश्यकतानुसार पृथक टीम लगाकर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ये निर्देश भी दिए बैठक में निगमायुक्त ने सांवेर रोड पेट्रोल पंप से शिवशक्ति नगर तक सड़क निर्माण कार्य 25 अक्टूबर तक पूरा करने, एमआर-5 से पीएमएवाइ तक सड़क निर्माण में पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाने, भामोरी से एयरोप्लेन चौराहा तक सड़क पर पृथक रूप से पुलिया निर्माण कार्य शुरू करने, मूसाखेड़ी से सांवरिया धाम मंदिर तक सर्विस रोड का निर्माण 30 अक्टूबर तक पूर्ण करने, गुटकेश्वर मंदिर और सदर बाजार की ओर फोर लेन सड़क निर्माण कार्य 25 अक्टूबर तक पूर्ण करने और सदर बाजार रोड से गुटकेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य अगले तीन माह में पूरा करने, होटल प्राइड से सिटी फारेस्ट तक फेंसिंग का काम पूर्ण कर सड़क निर्माण तत्काल प्रारंभ करने, जमजम चौराहा से स्टार चौराहा तक सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
यह भी पढ़ें- इंदौर वालों के लिए खुशखबरी! 6 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर दिसंबर तक होगा तैयार, लाखों लोगों को मिलेगी राहत
उन्होंने कहा कि शहर में जहां भी सड़क अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं, वहां सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए। आवश्यक बैरिकेडिंग, संकेतक एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।