
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : लवकुश चौराहा स्थित डबल डेकर फ्लाईओवर की एक भुजा से यातायात शुरू हो चुका है। ऐसे में फ्लाईओवर की भुजा से मेट्रो ट्रैक की सुरक्षा को भी पुख्ता किया जा रहा है। फ्लाईओवर से किसी तरह की सामग्री ट्रैक पर नहीं फेंकी जा सके, इसके लिए ब्रा स्टिंग में प्रोटेक्शन स्क्रीन लगाने का कार्य किया जा रहा है।
तय नियमों के अनुसार फ्लाईओवर पर 16 मीटर लंबी और छह मीटर ऊंची प्रोटेक्शन स्क्रीन लगाई गई है। इसके बावजूद किसी तरह की सामग्री ट्रैक पर फेंकने की संभावना नजर आएगी, तो स्क्रीन की हाइट बढ़ाई जा सकती है। यह स्क्रीन दूसरी भुजा पर यातायात शुरू होने पर लगाई जाएगी। अभी एक भुजा पर लगाई गई है।
इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) द्वारा बनाए जा रहे डबल डेकर फ्लाईओवर की उज्जैन रोड से मरीमाता जाने वाली भुजा से यातायात विगत दिनों शुरू कर दिया गया। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव द्वारा इस भुजा को शुरू किया गया था। अब दूसरी भुजा को तैयार करने का कार्य तेज गति से जारी है। स्लैब सहित सभी कार्य सितंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे।
आईडीए सीईओ डा. परीक्षित झाड़े का कहना है कि एक भुजा से यातायात शुरू कर दिया गया है, ताकि नीचे सर्विस रोड का निर्माण आसानी से किया जा सके। गौरतलब है कि चौराहे पर सीमेंट की सर्विस रोड तैयार की जा रही है। चौराहे पर यातायात का खासा दबाव होने से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। डायवर्शन होने के बाद भी निर्माण कार्य तेजी से नहीं हो पा रहे थे, इसलिए एक भुजा को यातायात सुगमता के लिए खोल दिया गया है। हालांकि इस भुजा पर लाइटिंग और अन्य कार्य किए जाने हैं।
दूसरी भुजा पर सितंबर तक स्लैब और अन्य कार्य पूरे करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि डामर बिछाने का कार्य प्रभावित हो सकता है। वर्षा जारी रहने पर डामर का कार्य नहीं हो सकेगा। ऐसे में वर्षा ही तय करेगी कि इस भुजा से यातायात कब शुरू होगा। आइडीए अधिकारियों का कहना है कि मौसम दो-तीन दिन साफ रहा, तो भी डामर का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
मरीमाता से उज्जैन जाने वाली भुजा का निर्माण भले ही अभी पूरा नहीं हुआ है। लेकिन इसकी भुजा खत्म होते ही अरविंदों के गेट के सामने वाले कट पर वाहन उलझ सकते हैं। मुख्य चौराहे पर फ्लाईओवर की ऊंचाई 23 मीटर है और इस ऊंचाई से वाहन जब नीचे उतरेगा तो गति तेज होगी। ऐसे में भुजा के खत्म होते ही वाहन आपस में उलझेंगे। इसका मुद्दा विगत सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उठ चुका है, हालांकि अब तक किसी तरह का अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
इंदौर के लवकुश चौराहे पर बने डबल डेकर फ्लाईओवर की एक भुजा यातायात के लिए खोली, सीएम ने किया शुभारंभ