इंदौर में मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली 10वीं की छात्रा, नाना के घर जाने के बजाय ऐसे पहुंची दिल्ली
पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। छात्रा भोपाल स्थित नाना के घर जाना चाहती थी, लेकिन गलती से दिल्ली की ट्रेन में बैठ गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 08:12:38 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 08:12:38 PM (IST)
इंदौर की लापता छात्रा दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मिली। (AI Generated Image)HighLights
- लापता 10वीं की छात्रा दिल्ली स्टेशन पर मिली
- दिल्ली पुलिस की सूचना पर परिजनों ने ली राहत
- शनिवार दोपहर कोचिंग के लिए निकली थी छात्रा
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 10वीं कक्षा की एक छात्रा दिल्ली में सुरक्षित मिल गई है। छात्रा शनिवार दोपहर को अपनी कोचिंग के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत और अनहोनी की आशंका के बीच दिल्ली रेलवे पुलिस की सूचना ने परिवार और पुलिस प्रशासन को बड़ी राहत दी है।
अपहरण की आशंका
छात्रा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से कोचिंग जाने का कहकर निकली थी। जब वह देर शाम तक वापस नहीं आई, तो पिता (जो ऑटो चालक हैं) और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा दोपहर 12 बजे पैदल जाती हुई दिखाई दी थी। कोई सुराग न मिलने पर शनिवार रात परिजनों ने एरोड्रम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और छात्रा के अपहरण की शंका जाहिर की थी।
गलत ट्रेन ने पहुंचाया दिल्ली
रविवार रात दिल्ली रेलवे पुलिस ने एरोड्रम थाने को छात्रा के मिलने की सूचना दी। पूछताछ में सामने आया कि छात्रा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह काफी डरी हुई थी। छात्रा ने पुलिस को बताया कि पढ़ाई को लेकर मां ने उसे डांटा था, जिससे नाराज होकर उसने घर छोड़ने का फैसला किया।
वह भोपाल स्थित अपने नाना के घर जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी, लेकिन गलती से वह दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठ गई। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध रूप से घूमते देख पुलिस ने उसे संरक्षण में लिया। फिलहाल इंदौर पुलिस और छात्रा के परिजन उसे वापस लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।