
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर इंदौर एवं मालवा क्षेत्र की रेल अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री से नई दिल्ली में गुरुवार को चर्चा की।
बैठक में इंदौर एवं आसपास के रेलवे स्टेशनों के विस्तार, लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी, नई ट्रेनों के संचालन, बढ़ाए गए फेरों को नियमित करने एवं यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार सहित अनेक विषयों पर विचार-विमर्श किया।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सांसद शंकर लालवानी ने वर्ष 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। बैठक में इंदौर रेलवे स्टेशन एवं लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के साथ राऊ, राजेंद्र नगर, चंद्रावतीगंज, गौतमपुरा सहित आसपास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के विस्तार, प्लेटफॉर्म क्षमता बढ़ाने, यात्री सुविधाओं के उन्नयन व भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अधोसंरचना विकसित करने पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें- क्या सरकार की आलोचना पर दर्ज हो सकता है केस, सोशल मीडिया पर आपकी आजादी कहां खत्म होती है? जानिए एक्सपर्ट्स की राय
इंदौर-खंडवा रेल परियोजना, इंदौर-दाहोद रेल परियोजना सहित क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह किया। इंदौर से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनों के संचालन, वर्तमान में अतिरिक्त फेरों के रूप में चल रही ट्रेनों को नियमित करने एवं यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई रेल सेवाएं प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।
रेल मंत्री ने संबंधित वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को सभी परियोजनाओं एवं प्रस्तावों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। रेलवे विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।