_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 की तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा सात सितंबर से 12 सितंबर तक आयोजित होगी। 156 पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा में 3775 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के लिए इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर सहित 12 जिलों में केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक आब्जर्वर नियुक्त किया जाएगा, जो परीक्षा से संबंधित गतिविधियों की निगरानी करेगा। अधिकारियों के अनुसार सोमवार से अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के 156 पदों में 41 सामान्य, 20 एससी, 33 एसटी, 42 ओबीसी और 20 ईडब्ल्यूएस पद शामिल हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले 3775 अभ्यर्थियों में 3044 मुख्य श्रेणी और 731 प्राविधिक श्रेणी के हैं।
मुख्य परीक्षा में सामान्य अध्ययन के चार प्रश्न पत्र होंगे। पांचवां प्रश्न पत्र सामान्य हिंदी और छठा हिंदी निबंध व प्रारूप लेखन का होगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोग की गाइडलाइन के अनुसार अभ्यर्थियों को सुबह 8.30 से नौ बजे के बीच परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
प्रत्येक केंद्र पर थ्री लेयर चेकिंग व्यवस्था रहेगी। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ फोटो आइडी प्रूफ दिखाना होगा। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से इलेक्ट्रानिक डिवाइस की जांच होगी। तीसरे चरण में बायोमैट्रिक के माध्यम से अभ्यर्थियों के चेहरे का मिलान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- शिक्षक भर्ती-2025 को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में प्रदर्शन, पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा पूरी होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा। मूल्यांकन कार्य 30 दिन के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद अक्टूबर में मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा। परिणाम के बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होगी।